जिनिंग परिसर से डेढ लाख के अॅल्युमिनियम कंडक्टर चोरी
अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज

कुर्हा /दि.23- कुर्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत आनेवाले अंजनसिंगी स्थित अग्रवाल जिनिंग परिसर से बिजली कार्य में उपयोग होनेवाला लाखों रुपए का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है. अज्ञात चोरों ने मौके से भारी मात्रा में अॅल्युमिनियम कंडक्टर की चोरी की. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता पीयूष गजानन रंभाल (35, नंदनवन कॉलोनी) में करीब 6 वर्षों से एमएसडीसीईएल में इलेक्ट्रीकल कॉन्ट्रक्टर के रुप में कार्यरत है. ग्राम अंजनसिंगी स्थित अग्रवाल जिनिंग परिसर में पिछले एक महिने से विद्युत कार्य चल रहा था. इसी कार्य के लिए वहां अॅल्युमिनियम कंडक्टर चार बंडल रखे थे. प्रत्येक बंडल का वजन करीब 96 किलो था. इस प्रकार कुल 4 बंडलों का वजन 384 किलो था. जिसकी कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपए बताई गई.
19 से 20 जून के बीच किसी अज्ञात चोर ने परिसर से अॅल्युमिनियम कंडक्टर चोरी कर लिया. घटना की जानकारी मिलते ही शिकायतकर्ता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई. रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. पुलिस आसपास के क्षेत्र और अन्य सबूतों के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश कर रही है.