विठ्ठल-रुक्मिणी मंदिर में आषाढ़ी एकादशी महोत्सव उत्साह के साथ मनाया गया
रामकथा, पालखी शोभायात्रा, भजन-कीर्तन और महाप्रसाद में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

* वनवैभव फॉरेस्ट कॉलोनी के साईनगर का आयोजन
अमरावती/दि.1 – वनवैभव फॉरेस्ट कॉलोनी, साईनगर स्थित श्री विठ्ठल-रुक्मिणी देवस्थान सेवा समिति ट्रस्ट द्वारा 20 से 26 जुलाई तक आषाढ़ी एकादशी महोत्सव भक्तिमय वातावरण में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. सप्ताहभर चले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया.
महोत्सव के तहत 20 से 24 जुलाई तक आचार्य रत्नेशजी महाराज के श्रीमुख से श्रीराम कथा ज्ञानयज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रतिदिन बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कथा का श्रवण किया. 25 जुलाई को आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर सामूहिक अभिषेक, पूजन, हवन एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए. इसके बाद श्रद्धालुओं को उसल एवं केले का प्रसाद वितरित किया गया. दोपहर में श्री विठ्ठल-रुक्मिणी महिला भजन मंडल द्वारा भजन संध्या, नित्य हरिपाठ तथा रात्रि में भक्तों के भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा. 26 जुलाई को नित्यपूजा के यजमानों के हस्ते विशेष पूजन के बाद भगवान विठ्ठल-रुक्मिणी की पालखी यात्रा श्रद्धापूर्वक निकाली गई. इसके पश्चात ह.भ.प. गणेश महाराज खंडार ने काल्याचे कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया. समापन पर सभी भक्तों के लिए महाप्रसाद का आयोजन किया गया.
मंदिर में प्रतिदिन सुबह अभिषेक, पूजन और आरती तथा शाम को हरिपाठ, आरती, अष्टक, सामूहिक माला, प्रार्थना और प्रसाद वितरण का नियमित क्रम भी जारी है. महोत्सव को सफल बनाने में ट्रस्ट के अध्यक्ष दिलीपराव बेलबागकर, उपाध्यक्ष सुभाषराव रोहणकर, सचिव रवींद्र ढोले, कोषाध्यक्ष मनोहरराव नारखेडे, सहसचिव अरुणराव काले, विश्वस्त नितीन साहू, मनोहरराव न्याहाल, कृष्णराव मोरे, एड. अविनाश मालपे, दीपाताई बेलबागकर, शुभांगी कहाले, नित्यपूजा के यजमानों, श्री विठ्ठल-रुक्मिणी महिला भजन मंडल, काकड़ा ग्रुप तथा क्षेत्र के श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा.





