गोल्डन किड्स हाईस्कूल और अग्रेशन पेट्रोल पंप को कुर्की नोटिस
संपत्ति कर बकायेदारों पर मनपा की कार्रवाई

अमरावती/दि.19 – अमरावती मनपा द्वारा संपत्ति कर बकायेदारों के खिलाफ विशेष वसूली अभियान चलाया जा रहा है. उत्तर जोन क्रमांक-1 के सहायक आयुक्त के निर्देश पर 17 जून को दो प्रमुख संस्थानों के विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई की गई.
मनपा की ओर से गोल्डन किड्स हाईस्कूल पर 11 लाख 23 हजार 808 की संपत्ति कर बकाया राशि होने के कारण कुर्की नोटिस जारी किया गया. संबंधित संस्था को सात दिनों के भीतर बकाया राशि जमा करने का निर्देश दिया गया है. निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं करने पर संपत्ति को सील कर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी. इसी प्रकार अग्रेशन पेट्रोल पंप पर 4 लाख 22 हजार 506 का संपत्ति कर बकाया होने के कारण उसे भी कुर्की नोटिस जारी किया गया है. संबंधित प्रतिष्ठान को सात दिनों के भीतर बकाया कर जमा करने के निर्देश दिए गए हैं. अन्यथा संपत्ति सील करने सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. महानगरपालिका प्रशासन ने सभी संपत्ति कर बकायेदारों से अपील की है कि वे तत्काल बकाया कर का भुगतान कर कठोर कार्रवाई से बचें. यह कार्रवाई जोन क्रमांक-1 के अंतर्गत की गई. इस दौरान सहायक क्षेत्रीय अधिकारी केशव ठाकरे, कर निरीक्षक संजय खडसान, श्री माहुरे, सचिन गोहर, जितेंद्र श्रीवास्तव तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे.





