बडनेरा हत्याकांड का 6 घंटे में खुलासा
पुरानी रंजिश में युवक की हत्या

* क्राइम ब्रांच ने दो आरोपी और एक विधि संघर्षरत बालक को दबोचा
अमरावती /दि.22- बडनेरा क्षेत्र के भगत सिंह चौक में युवक की निर्मम हत्या से फैली सनसनी के बीच अमरावती शहर पुलिस की अपराध शाखा ने महज छह घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते युवक की धारदार हथियार से हत्या की गई थी.
जानकारी के अनुसार रविवार को बडनेरा थाना क्षेत्र स्थित देशी शराब दुकान के समीप एक युवक का रक्तरंजित शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा अपराध शाखा की टीम घटनास्थल पर पहुंची. जांच के दौरान मृतक की पहचान ओम आशिष उर्फ रोहन कैथवास, निवासी माताफैल, जुनी वस्ती बडनेरा के रूप में हुई. घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को एक धारदार चाकू बरामद हुआ. इसके अलावा मृतक के वाहन पर मिर्च पाउडर बिखरा हुआ पाया गया, जिससे आशंका व्यक्त की गई कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले उसे असहाय बनाने का प्रयास किया था. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अतुल वर अपनी टीम के साथ तत्काल जांच में जुट गए. घटनास्थल से प्राप्त सुरागों, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपियों की पहचान कर ली. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोशन धनराज कैथवास (19, निवासी भगत सिंह चौक, जुनी वस्ती बडनेरा), संकेत विनोद कैथवास (20, निवासी माताफैल, जुनी वस्ती बडनेरा) तथा एक नाबालिग युवक को बोरगांव डैप क्षेत्र से हिरासत में लिया. आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त यामाहा एमटी मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है.
प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर हुए झगड़े के दौरान रोहन कैथवास पर धारदार चाकू से हमला कर उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है. पुलिस अब हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों, घटनाक्रम और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है. इस कार्रवाई को पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, श्याम घुगे, रमेश धुमाल, सहायक पुलिस आयुक्त शिवाजी बचाटे तथा कैलास पुंडकर के निर्देशन में अंजाम दिया गया. कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक अतुल वर, दिनेश दहातोंडे, सहायक पुलिस निरीक्षक महेश इंगोले, उपनिरीक्षक गजानन सोनुने तथा अपराध शाखा के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. महज छह घंटे में हत्या जैसे गंभीर मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफर रही.
* शादी में डीजे बजाने को लेकर हुआ था विवाद
प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि, मृतक और आरोपियों के बीच शादी में डीजे बजाने को लेकर झगडा हुआ था, तभी से मृतक हमेशा आते-जाते वाहन से कट मारता हुआ धमकी देता रहता था. लेकिन घर के बुजुर्गों ने बैठकर यह विवाद निपटा लिया था. लेकिन युवकों में खुन्नस बनी हुई थी. इसी खुन्नस के चलते आरोपियों ने रात के अंधेरे में मृतक पर मिर्ची पॉउडर फेंककर तीक्ष्ण हथियार से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया. नाबालिग को छोडकर अन्य दो आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है.