भाजपा ने ‘डफरीन’ के पीड़ित परिवारों और बचाव कर्मियों को दी आर्थिक सहायता
तीन मृत नवजातों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये, घायल बच्चों व बचाव कार्य में जुटे कर्मियों को 50-50 हजार रुपये की मदद

* दहीहांडी उत्सव रद्द कर सहायता के लिए खर्च की राशि का किया उपयोग
* सांसद डॉ. बोंडे, विधायक पोटे व तायडे तथा महापौर तेजवानी के हाथों सौंपे गए धनादेश
अमरावती/दि.26 – डफरीन अस्पताल के नवजात शिशु अतिदक्षता कक्ष (एसएनसीयू) में हुए भीषण अग्निकांड में तीन नवजात बच्चों की मौत और कई अन्य बच्चों के घायल होने की दर्दनाक घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी ने प्रभावित परिवारों तथा बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मियों को आर्थिक सहायता प्रदान की है. भाजपा नेताओं ने इस त्रासदी को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए मृत नवजातों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये तथा गंभीर रूप से प्रभावित बच्चों और अपनी जान जोखिम में डालकर बचाव कार्य करने वाले कर्मियों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की.
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे, विधायक प्रवीण पोटे, विधायक प्रवीण तायडे, महापौर श्रीचंद तेजवानी, मनपा गटनेता चेतन गावंडे, पूर्व पार्षद तुषार भारतीय, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी, जिला उपाध्यक्ष नितीन गुडधे पाटिल, शहर उपाध्यक्ष चेतन पवार तथा शिंदे गुटवाली शिवसेना के जिलाप्रमुख अरुण पडोले व नाना नागमोते सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे.
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने अग्निकांड में अपने नवजात बच्चों को खो चुके परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. इस दौरान तीनों मृत नवजातों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये के धनादेश सौंपे गए. भाजपा नेताओं ने कहा कि किसी भी आर्थिक सहायता से परिवारों के दुख की भरपाई नहीं हो सकती, लेकिन संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहना सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी है. नेताओं ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में समाज और प्रशासन उनके साथ खड़ा है.
उल्लेखनीय है कि, अग्निकांड के दौरान कई नवजात बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना साहसिक प्रयास किए थे. भाजपा की ओर से ऐसे बचाव कर्मियों तथा गंभीर रूप से प्रभावित बच्चों के लिए भी 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता घोषित की गई. पार्टी नेताओं ने कहा कि संकट की घड़ी में जिन लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मासूम बच्चों को बचाने का प्रयास किया, उनके साहस और समर्पण को समाज हमेशा याद रखेगा.
* सीएस डॉ. विनोद पवार से की मुलाकात
भाजपा नेताओं ने जिला शल्य चिकित्सक (सीएस) डॉ. विनोद पवार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की. इस दौरान अस्पताल में आग लगने की परिस्थितियों, बचाव अभियान, घायलों के उपचार तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए किए जा रहे उपायों पर चर्चा की गई. नेताओं ने डॉ. पवार और अस्पताल के चिकित्सा कर्मियों द्वारा आपदा की स्थिति में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते किए गए बचाव कार्य के कारण बड़ी संख्या में नवजात बच्चों की जान बचाई जा सकी. भाजपा नेताओं ने कहा कि डफरिन अस्पताल में हुई यह घटना केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चेतावनी है. उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अस्पतालों में फायर सेफ्टी, इलेक्ट्रिकल ऑडिट, उपकरणों के रखरखाव और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करना आवश्यक है. उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा व्यक्त की कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं और जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण किया जाए.
* शोक के कारण रद्द की दहीहांडी
डफरीन अग्निकांड में तीन नवजातों की मौत के बाद भाजपा ने 6 सितंबर को आयोजित होने वाले अपने प्रस्तावित दहीहांडी उत्सव को रद्द करने का निर्णय लिया है. पार्टी नेताओं ने बताया कि इस कार्यक्रम पर होने वाले खर्च की राशि को प्रभावित परिवारों, घायल बच्चों और बचाव कर्मियों की सहायता के लिए उपयोग किया गया है. सांसद डॉ. अनिल बोंडे व विधायक प्रवीण पोटे पाटिल ने कहा कि ऐसे समय में उत्सव मनाने के बजाय पीड़ित परिवारों के साथ संवेदना प्रकट करना अधिक आवश्यक है. इसलिए पार्टी ने सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए दहीहांडी कार्यक्रम रद्द कर सहायता कार्य को प्राथमिकता दी है.
* पीडितों व प्रभावितों को सरकारी सहायता भी मिलेगी
भाजपा नेताओं ने बताया कि पार्टी की ओर से दी गई आर्थिक सहायता के अतिरिक्त सरकार की ओर से भी प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी तथा इस घटना की जांच निष्पक्ष रूप से पूरी कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी.





