विदर्भ में भयंकर लू के थपेडे

दोपहर में सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक

* और दो दिनों का येलो अलर्ट
* प्रदेश की 185 तहसीलों में पारा 42 डिग्री पार
नागपुर/दि.15 – विदर्भ में एक बार फिर भीषण गर्मी की लहर लौट आई है और नागपुर सहित कई जिलों में तापमान का पारा 46 डिग्री सेल्सियस की ओर बढ़ रहा है. बढ़ती गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और शहर के प्रमुख मार्ग भी सुनसान दिखाई दे रहे हैं. इस पृष्ठभूमि में मौसम विभाग ने अमरावती सहित विदर्भ के सभी जिलों के लिए 16 से 18 मई के बीच येलो अलर्ट जारी किया है. नागरिकों से अपील की गई है कि अत्यावश्यक कामों के बिना दोपहर में घर से बाहर न निकलें.
नागपुर की विभागीय आयुक्त विजयालक्ष्मी बिदरी ने गर्मी की लहर की पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं. सुबह 11 बजे से दोपहर 4.30 बजे तक सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति न देने के निर्देश प्रशासन को दिए गए हैं. विद्यार्थियों, मजदूरों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी सरकारी और निजी संस्थानों को आवश्यक उपाययोजनाएं करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
इस बीच, तेज धूप के कारण निर्माण क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों के स्वास्थ्य का मुद्दा गंभीर बन गया है. राष्ट्रीय कॉन्ट्रैक्टर लेबर यूनियन ने सभी ठेकेदारों से सुबह 11.30 बजे से दोपहर 4.30 बजे तक निर्माण कार्य पूरी तरह बंद रखने की अपील की है. यूनियन ने कहा है कि तेज गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है, इसलिए मजदूरों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है. कुछ निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट लगाकर मजदूरों को छाया की सुविधा दी गई है, लेकिन शहर के कई स्थानों पर मजदूर अब भी तेज धूप में काम करते दिखाई दे रहे हैं.
आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत सभी जिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ‘कोल्ड वार्ड’ तैयार करने, हीट स्ट्रोक के इलाज के लिए आवश्यक दवाओं का स्टॉक उपलब्ध रखने तथा मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके इसके लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को तैयार रखने के निर्देश प्रशासन ने दिए हैं.
महानगरपालिका ने भी ‘हीट एक्शन प्लान’ के तहत विभिन्न उपाययोजनाएं शुरू कर दी हैं. शहर के सभी 206 उद्यान पूरे दिन खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि नागरिकों को छाया और आराम मिल सके. इसके अलावा प्रमुख चौकों पर ग्रीन नेट लगाए गए हैं. साथ ही स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों और स्वास्थ्य केंद्रों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं, ऐसी जानकारी मनपा आयुक्त डॉ. विपीन इटनकर ने दी.
दूसरी ओर, नागपुर पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्रकुमार सिंघल ने भी पुलिस कर्मचारियों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं. नागपुर जिले में गर्मी की लहर से संबंधित उपाययोजनाएं 16 जून तक लागू रहने वाली हैं, ऐसी जानकारी जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने दी. वर्धा, भंडारा, चंद्रपुर, गडचिरोली और गोंदिया जिलों का प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और विभिन्न प्रतिबंधात्मक उपाययोजनाएं लागू कर रहा है.

Back to top button