बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

राजापेठ पुलिस की कार्रवाई

* 15 गैस सिलेंडर और दोपहिया वाहन समेत 1.65 लाख रुपये का माल जब्त
अमरावती /दि.15 – शहर के राजापेठ थाना क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से चोरी किए गए भारत गैस कंपनी के 15 घरेलू गैस सिलेंडर तथा अपराध में इस्तेमाल दोपहिया वाहन समेत करीब 1 लाख 65 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम चिचफैल निवासी प्रेम शाम ढिलके (21) और महादेवखोरी निवासी श्रवण उर्फ डॉन राजेश बनारसे (19) है.
जानकारी के मुताबिक 8 अगस्त को एमआईडीसी क्षेत्र स्थित रूपा गैस सर्विस के गोदाम से अज्ञात चोरों ने बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर चोरी कर लिए थे. इस मामले में राजापेठ पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 736/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर राजापेठ पुलिस की अपराध जांच टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की. गुप्त मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने प्रेम शाम चिलाके (21) को गिरफ्तार किया. जांच में उसके पास से चोरी के तीन भारत गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 9 हजार रुपये बताई गई है. इसके बाद पुलिस ने मामले में श्रवण उर्फ डॉन राजेश बनारसे (19) को गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से भारत गैस कंपनी के 12 घरेलू सिलेंडर, जिनकी कीमत करीब 36 हजार रुपये है, बरामद किए गए. इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल किया गया सुजुकी एक्सेस कंपनी का दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया है. इस प्रकार दोनों आरोपियों के पास से कुल 15 घरेलू गैस सिलेंडर और दोपहिया वाहन समेत करीब 1.65 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है.
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों तथा वी.एस. बालक के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल की है. पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों और चोरी किए गए शेष गैस सिलेंडरों की तलाश कर रही है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे तथा सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के निर्देशन में राजापेठ के थानेदार संदीप चव्हाण के नेतृत्व में की गई. कार्रवाई में एसपीओ नितिन शिंदे सहित राजापेठ पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे.

Back to top button