अमरावती के नगरसेवकों के आग्रह पर उम्मीदवारी

विप्लव बाजोरिया ने अंतिम मिनटों में दायर किया नामांकन

* नामांकन स्टैंड रहने का भी किया दावा
अमरावती/दि.1 – परभणी सीट के पूर्व विधायक और अकोला के उद्यमी विप्लव गोपीकिसन बाजोरिया ने अमरावती प्राधिकार विधान परिषद सीट से उम्मीदवार दायर करने के बाद मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में दावा किया कि, अमरावती के ही अनेक नगरसेवकों का उनसे आग्रह था कि, वे यहां से चुनाव लडे. इसलिए उन्होंने नामांकन दाखिल किया है. उनका फॉर्म स्टैंड रहेगा, अर्थात बाजोरिया ने मैदान से पीछे न हटने का प्रण बोलकर बता दिया.
विप्लव बाजोरिया अपने पिता और शिवसेना शिंदे के नेता, पूर्व विधायक गोपीकिसन बाजोरिया के संग नामांकन दाखिल करने आज दोपहर 2.45 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे. उन्होंने चुनाव अधिकारी आशीष येरेकर के केबिन में नामांकन लेकर 2.58 बजे एंट्री की. जिसके बाद नामांकन की औपचारिकता पूर्ण की गई.
विप्लव बाजोरिया ने नामांकन पश्चात मीडिया के सवालों के जवाब दिए. हालांकि उन्होंने नगरसेवकों के नाम बताने से मना कर दिया. कहा कि, 15-20 नाम है. इतने नाम याद नहीं. विप्लव बाजोरिया ने दावा किया कि, अमरावती के ही कई नगरसेवकों ने उनसे यहां से चुनाव लडने की विनती की थी. परभणी में विधायक रहते हुए उनके द्वारा किए गए कामों को देखकर अमरावती के नगरसेवकों का उन पर दबाव रहने का दावा बाजोरिया ने किया. उन्होंने शिवसेना द्वारा परभणी सीट से उम्मीदवारी न दिए जाने के प्रश्न को टाल दिया. वे फॉर्म भरने के बाद तेजी से कार में बैठकर पिता गोपीकिसन बाजोरिया के साथ अकोला की ओर रवाना हो गए. उनके साथ 10-15 समर्थक लीडर्स, पदाधिकारी मौजूद थे.

Back to top button