चिचघाट की बालिका की मौत, डॉक्टर नामजद

धारणी तहसील की घटना

 तीन घंटे विलंब से पहुंचे थे डॉ. तमेवार
अमरावती/दि.29 – मेलघाट की 4 वर्ष की बालिका की डॉक्टर समय पर उपलब्ध नहीं होने से मृत्यु हो जाने के मामले में आखिरकार धारणी पुलिस ने पिता की शिकायत पर उपजिला अस्पताल के चिकित्सक पर बीएनएस की धारा के तहत केस दर्ज किया है. नामजद चिकित्सक का नाम डॉ. चंद्रकांत तमेवार बताया गया है. वह तीन घंटे विलंब से अस्पताल पहुंचे थे, जिसके कारण बालिका ने इलाज के अभाव में दम तोड लेने का आरोप पिता ने शिकायत में लगाया है.
विस्तृत जानकारी के अनुसार धारणी तहसील अंतर्गत चिचघाट निवासी ईश्वर जावरकर खेतीवाडी करते हैं. उनकी 4 वर्ष की बेटी यूवानी धारणी उपजिला अस्पताल में भर्ती थी. उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी. उसका अस्पताल में उपचार जारी रहने के बावजूद 2 अगस्त के तडके 3 बजे उसकी तबीयत काफी बिगड गई. यूवानी सांस नहीं ले पा रही थी. ड्यूटी पर तैनात नर्स ने शिकायतकर्ता ईश्वर जावरकर को बताया कि, उसने 3 बजे ही डॉक्टर को फोन कर दिया था. डॉक्टर 6 बजे पहुंचे. समय पर उपचार नहीं हो पाने की वजह से यूवानी की मृत्यु हो गई.
जावरकर ने बताया कि, डॉक्टर के खिलाफ शिकायत करने शल्य चिकित्सक का अहवाल जरुरी था. वह अहवाल उन्हें 28 सितंबर को मिला. इसलिए उन्होंने 28 सितंबर की रात 9 बजे धारणी थाने में शिकायत दर्ज की. उनकी शिकायत पर पुलिस ने उपजिला अस्पताल के डॉ. चंद्रकांत तमेवार के विरुद्ध बीएनएस की धारा 106 (1) के तहत अपराध दर्ज किया है. पुलिस अब चिकित्सक के विरुद्ध क्या एक्शन लेती है, यह देखनेवाली बात होगी.

Back to top button