शहर में रोका गया बाल विवाह
जेवड नगर के मंगल कार्यालय में हो गई थी सभी तैयारी

* मनपा का महिला व बाल कल्याण विभाग का हस्तक्षेप
अमरावती/दि.6- शहर में जेवड नगर के मंगल कार्यालय में होने जा रहा बाल विवाह मंगलवार को रोका गया. महापालिका के महिला व बाल कल्याण विभाग ने शिकायत मिलते ही तत्काल कदम उठाए और राजापेठ पुलिस की सहायता से साढे 16 वर्ष की किशोरी का मुंबई के युवक के साथ किया जा रहा विवाह समय पर रोक दिया.
जानकारी के अनुसार नियोजित वर मुंबई से अमरावती आया था. यह किशोरी अपनी मां के साथ जेवड नगर में किराए के घर में रहती है. उसका विवाह तय कर दिया गया. जिसकी भनक महिला व बाल कल्याण समिति महापालिका को लगी. जिसके बाद पुलिस की महिला सेल को सूचित किया गया. महिला सेल की प्रीति ब्राह्मणे ने तुरंत स्टाफ के साथ विवाह स्थल पहुंची. लडकी का जन्म प्रमाणपत्र मांगा गया, जिसमें वह अल्पवयीन रहने का पता चलते ही फौरन विवाह रोक दिया गया. सारी तैयारी हो गई थी, किंतु समय रहते पता चल जाने से यह विवाह रोक देने में सफलता मिलने की जानकारी है. यह भी पता चला है कि, एक राजनेता ने भी विवाह रोकने में महती भूमिका अदा की.
उल्लेखनीय है कि, बाल विवाह रोकने के लिए न केवल कानून है, अपितु उसकी समय-समय पर जागरुकता भी की जाती है. इसके बावजूद बाल विवाह हो रहे है. ऐसे में बाल विवाह की जानकारी मिलते ही हेल्प लाइन पर संपर्क करने का आवाहन महिला व बाल विकास विभाग ने किया है. इस बीच राजापेठ थाने में जेवड नगर के रोके गए बाल विवाह के संदर्भ में अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया शुरु थी.





