चालक-वाहक व अन्य कर्मचारियों की सुखसुविधा के लिए कटिबद्ध
विधायक सुलभा खोडके ने कहा

* मध्यवर्ती बसस्थानक पर मनाया एसटी महामंडल का स्थापना दिवस
अमरावती /दि.2- वर्ष 1948 में स्थापित हुए एसटी महामंडल ने पिछले 78 वर्षों में अनेक उतार-चढाव का सामना करते हुए यात्रियों को अधिक सुलभ गतिमान व आरामदायक सेवा उपलब्ध करवाई है. इसमें एसटी के चालक-वाहक व अन्य कर्मचारियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. विद्यार्थी, महिला व ज्येष्ठ नागरिकों को सहुलियत की यात्रा मिलने के कारण आज एसटी की लालपरी यात्रियों की पहली पसंद बन गई है. आगामी काल में एसटी सेवा अधिक सक्षम बनाने के लिए सुरक्षित यात्री सेवा और एसटी चालक-वाहक व अन्य कर्मचारियों की सुखसुविधा के लिए कटिबद्ध है, ऐसा विश्वास विधायक सुलभा खोडके ने व्यक्त किया.
स्थानीय मध्यवर्ती बसस्थानक में एसटी महामंडल के 78 वें वर्धापन दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में वे बोल रही थी. उनके हस्ते केक काटकर स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया. एसटी महामंडल अमरावती बसस्थानक प्रशासन व एकमात्र मान्यताप्राप्त एसटी कामगार संगठन अमरावती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एसटी महामंडल के 78 वें वर्धापन दिवस समारोह में विधायक संजय खोडके, बसस्थानक व्यवस्थापक वैशाली भाकरे, शिवसेना नेत्री प्रीति संजय बंड, कामगार संगठन के विभागीय अध्यक्ष नंदकिशोर नवाथे, विभागीय सचिव मोहित देशमुख तथा मनपा स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर सहित अन्य मान्यवर उपस्थित थे.
स्थापना दिवस समारोह के दौरान पिछले एक वर्ष में अर्थात कुल 365 दिन बिना दुर्घटना सुरक्षित सेवा देनेवाले एसटी महामंडल के वाहन चालकों को नकद 1500 रुपए व गुलाब का पुष्प प्रदान कर सत्कार किया गया. उसी प्रकार बिना दुर्घटना 25 वर्ष सेवा देनेवाले एसटी महामंडल के चालकों का सपत्नीक सत्कार भी किया गया. साथ ही अमरावती से संभाजी नगर इस नई परिवर्तन बस सेवा का भी शुभारंभ किया गया और विधायक सुलभा खोडके के हस्ते परिवर्तन बस का पूजन किया गया.
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य संजय खोडके ने कहा कि, अमरावती मध्यवर्ती बसस्थानक आज जर्जर होता जा रहा है. पिछले काल में प्रत्यक्ष निरीक्षण व जायजा लेने पर बसस्थानक का पुनर्निर्माण करना आवश्यक होने की बात सामने आई. इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करके शासन से अनुगमन करने पर बसस्थानक व डिपो के निर्माण व विस्तार के लिए शासन की ओर से ठोस निधि मंजूर की गई है. जिसके कारण मध्यवर्ती बसस्थानक व डिपो का कायापलट होगा. कार्यक्रम का संचालन शीतल मोहोड ने किया व आभार शक्ति चौहान ने माना. इस समय एसटी डिपो व बसस्थानक के प्रमुख यातायात नियंत्रक, चालक-वाहक तथा सभी विभागीय डिपो/युनिट पदाधिकारी एवं सदस्यों के साथ यात्री महिला-पुरुष प्रमुख रुप से उपस्थित थे.





