शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत

कल कांग्रेस प्रत्याशी अदिति पोहरे के समर्थन में जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

क्षितिज पैलेस में हुआ कांग्रेस एवं समविचारी दलों का सम्मेलन
प्रत्याशी अदिति पोहरे बोलीं – नई शिक्षा नीति से शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर संकट, शिक्षकों की आवाज बनकर लड़ूंगी
पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर, डॉ. सुनील देशमुख व हर्षवर्धन देशमुख सहित कांग्रेस के कई कद्दावर व वरिष्ठ नेताओं की भी रही उपस्थिती
अमरावती /दि.5- अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कांग्रेस ने अपनी अधिकृत उम्मीदवार अदिति ऋषिकेश पोहरे के समर्थन में पूरी ताकत झोंकने का ऐलान कर दिया है. कल रविवार 4 अक्तूबर को रहाटगांव रिंग रोड स्थित क्षितिज पैलेस (क्षितिज मंगल कार्यालय) में आयोजित विशाल शिक्षक सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं, शिक्षकों और पदाधिकारियों ने अदिति पोहरे को विजयी बनाने का संकल्प लिया. सम्मेलन में बड़ी संख्या में शिक्षक मतदाता उपस्थित रहे और कल मंगलवार 6 अक्तूबर को निकलनेवाली प्रा. अदिती पोहरे की नामांकन रैली को शक्ति प्रदर्शन में बदलने का निर्णय लिया गया.
गतरोज आयोजित सम्मेलन में पूर्व मंत्री एड. यशोमती ठाकुर, सांसद बलवंत वानखड़े, पूर्व पालकमंत्री डॉ. सुनील देशमुख, शिवाजी शिक्षा संस्था के अध्यक्ष हर्षवर्धन देशमुख, कोषाध्यक्ष दिलीपबाबू इंगोले, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख, शहराध्यक्ष बबलू शेखावत, नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जयश्री वानखड़े, पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे, ेकांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता एड. दिलीप एडतकर तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित थे.
* शिक्षकों की समस्याओं को विधान परिषद तक पहुंचाने का संकल्प
इस सम्मेलन के दौरान अपने संबोधन में कांग्रेस प्रत्याशी अदिति पोहरे ने कहा कि पिछले दो दशकों से वे शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं और शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों तथा शैक्षणिक संस्थाओं की समस्याओं को नजदीक से समझती रही हैं. चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें विभिन्न जिलों के शिक्षकों से संवाद का अवसर मिला, जिससे शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक चुनौतियां सामने आई हैं. उन्होंने नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था में स्थानीय स्तर पर हल होने वाली समस्याओं के लिए भी मंत्रालय का दरवाजा खटखटाना पड़ सकता है. इससे शिक्षकों का समय प्रशासनिक प्रक्रियाओं में व्यतीत होगा और शिक्षा प्रभावित होगी. उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा पर सरकारी खर्च लगातार घट रहा है, स्कूल बंद हो रहे हैं, निजीकरण बढ़ रहा है, पदभरती रुकी हुई है और डिजिटल कार्यप्रणाली लागू करने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है.
इस समय प्रा. अदिति पोहरे ने कहा कि उन्हें अवसर मिला तो वे शिक्षकों के वेतन, वेतनवृद्धि, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की नियुक्ति, अनुदानित और बिना अनुदानित संस्थाओं के प्रश्न, रोजगार सुरक्षा तथा शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अन्य मुद्दों को प्राथमिकता से उठाएंगी.
* सांसद वानखडे ने किया राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने का आह्वान
सांसद बलवंत वानखड़े ने कहा कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का यह चुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं है, बल्कि शिक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की लड़ाई भी है. उन्होंने मतदाताओं से कांग्रेस उम्मीदवार को प्रथम पसंद का मत देकर विजयी बनाने और कांग्रेस नेतृत्व को मजबूत करने का आह्वान किया.
* यशोमती ठाकुर ने कांग्रेसजनों पर सौंपी जीत की जिम्मेदारी
पूर्व मंत्री एड. यशोमती ठाकुर ने कहा कि हर्षवर्धन देशमुख ने अपनी बेटी को कांग्रेस परिवार को सौंपा है. अब उसकी जीत सुनिश्चित करना कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शिवाजी शिक्षा संस्था के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है. उन्होंने विशेष रूप से दिलीपबाबू इंगोले से चुनावी नेतृत्व संभालने का आग्रह किया. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीपबाबू इंगोले ने भरोसा दिलाया कि शिवाजी शिक्षा संस्था और उससे जुड़े शिक्षक अदिति पोहरे के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे और उन्हें विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे.
* मेरी बेटी अब कांग्रेस परिवार की जिम्मेदारी
सम्मेलन का सबसे भावनात्मक क्षण तब आया जब शिवाजी शिक्षा संस्था के अध्यक्ष हर्षवर्धन देशमुख ने मंच से कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने जब उनकी पुत्री अदिति पोहरे के नाम पर विचार किया तो उन्होंने पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष शरद पवार से चर्चा की. इसके बाद उन्होंने अदिति के कांग्रेस में जाने और चुनाव लड़ने पर सहमति दी. पूर्व मंत्री हर्षवर्धन देशमुख ने कहा, मैंने कांग्रेस नेतृत्व से कहा था कि पहले मेरी बेटी को पार्टी में शामिल कराइए, टिकट मिले या न मिले इसकी चिंता नहीं है. आज मैंने अपने दिल का टुकड़ा कांग्रेस की झोली में डाल दिया है. अब उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी आप सभी की है.
* पैठणी और पैकेट की राजनीति पर निशाना
मनपा में नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले ने अपने भाषण में पूर्व और वर्तमान प्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षक मतदाता अब केवल वादों पर भरोसा नहीं करेंगे. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस जब भी एकजुट होकर चुनाव लड़ती है तो जीत सुनिश्चित होती है. इंगोले ने आरोप लगाया कि कुछ लोग चुनाव में पैठणी और अन्य प्रलोभनों के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने शिक्षकों से विकास और प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर मतदान करने की अपील की.
* बी. टी. देशमुख की विरासत का उल्लेख
पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे ने कहा कि स्वर्गीय बी. टी. देशमुख ने तीन दशक तक शिक्षक राजनीति में आदर्श नेतृत्व दिया. उन्होंने संगठन निर्माण और मतदाता जागरूकता को महत्व दिया. आज उसी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए नई पीढ़ी को नेतृत्व देने की आवश्यकता है और अदिति पोहरे उसी परिवर्तन का चेहरा हैं.
* प्रा. अदिती के साथ रहेगी शिवाजी शिक्षा संस्था
इस सम्मेलन दौरान शिवाजी शिक्षा संस्था के कोषाध्यक्ष दिलीपबाबू इंगोले ने कहा कि, वे हमेशा से ही कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकतार्र् रहे और पूर्व विधायक स्व. बी. टी. देशमुख के समय से अपनी जिम्मेदारियों व इमानदारी के साथ निभाते आए है. इस बार भी वे कांग्रेस प्रत्याशी प्रा. अदिती पोहरे को विजयी बनाने हेतु पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे. साथ ही उन्होंने यह विश्वास दिलाया कि, शिवाजी शिक्षा संस्था पूरी तरह से प्रा. अदिती पोहरे के साथ रहेगी और पहली बार अमरावती की बेटी को शिक्षक विधायक के तौर पर विधान परिषद में भेजने हेतु पूरी जी जान लगाए जाएंगे.
* यह केवल चुनाव नहीं, प्रतिनिधित्व का अवसर है
प्रा. अदिती पोहरे की दावेदारी का समर्थन करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र को अब तक किसी महिला का प्रतिनिधित्व नहीं मिला है. अदिति पोहरे के रूप में पहली बार शिक्षक समाज को महिला नेतृत्व का अवसर मिल रहा है. नेताओं ने अदिति पोहरे को अमरावती की बेटी और पोहरे परिवार की बहू बताते हुए कहा कि उन्हें सेवा और सामाजिक कार्य की प्रेरणा परिवार से मिली है. शिक्षकों के प्रश्नों के समाधान के लिए उनके अनुभव और संवेदनशीलता का लाभ पूरे संभाग को मिलेगा.

* कल निकलेगी भव्य नामांकन रैली, जमकर होगा शक्ति प्रदर्शन
सम्मेलन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने घोषणा की कि अदिति पोहरे सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगी. इसके लिए 6 अक्टूबर को सुबह पंचवटी चौक स्थित डॉ. पंजाबराव देशमुख की प्रतिमा से संभागीय आयुक्त कार्यालय तक विशाल रैली निकाली जाएगी. कांग्रेस ने शिक्षक मतदाताओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर शक्ति प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया. सम्मेलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शिक्षक मतदाताओं ने एक स्वर में अदिति पोहरे को विजयी बनाने तथा शिक्षक समुदाय की आवाज को विधान परिषद तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया.

Back to top button