पेपर लीक, बेरोजगारी और किसानों के प्रश्नों को लेकर कांग्रेस होगी आक्रामक

जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख की जानकारी : जिले में व्यापक जनआंदोलन

अमरावती /दि.24– देश की शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रक्रिया, रोजगार निर्मिती को लेकर केंद्र सरकार पर असफल होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्टी द्वारा विद्यार्थी, युवक और किसानों के प्रश्नों को लेकर राज्यव्यापी जनजागृति व संघर्ष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है. इस अभियान का एक हिस्सा अमरावती जिले में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, ऐसी जानकारी जिला कांग्रेस कमिटी अध्यक्ष बबलू देशमुख ने दी है.
बबलू देशमुख ने कहा कि, देश में लाखों विद्यार्थियों का भविष्य आज खतरे में है. कांग्रेस नेता सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में जनआंदोलन किया जा रहा है. नीट परीक्षा के कथित पेपर लिक, विविध स्पर्धा परिक्षाओं में गैरव्यवहार, बार-बार परीक्षा रद्द करने की घटना, रुकी हुई नौकरी प्रक्रिया और बढती बेरोजगारी की वजह से युवाओं में नाराजगी है. शिक्षा और रोजगार दोनों ही मूलभूत क्षेत्रों में सरकार असफल रही है. जिसकी भरपाई देश की युवा पीढी को करनी पड रही है, ऐसा आरोप भी उन्होंने लगाया.
जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख ने कहा कि, विद्यार्थी दिन-रात मेहनत कर स्पर्धा परीक्षा की तैयारी करते है. अनेक पालक अपने बच्चों की शिक्षा के लिए बडा आर्थिक त्याग करते है. लेकिन पेपर लीक, परीक्षा घोटाला और भर्ती प्रक्रिया में विलंब होने की वजह से बच्चों का सपना चकनाचूर हो जाता है. शिक्षा के क्षेत्र में यह परिस्थिति अत्यंत गंभीर है और सरकार इस संबंध में मौन है.
विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड कांग्रेस पार्टी कदापि सहन नहीं करेंगी. शासन द्वारा घोषित की गई कर्जमाफी प्रत्यक्ष रुप में किसानों को राहत देनेवाली नहीं, बल्कि राजकीय स्टंटबाजी है, ऐसा आरोप भी बबलू देशमुख ने लगाया. अनेक किसान कर्जमाफी के लाभ से वंचित रहे. कर्जमाफी पर प्रभावी अमल किया जाए, फसल बीमा वितरण तत्काल किया जाए, किसानों को समर्थन मूल्य और उनके प्रश्नों को लेकर ठोस निर्णय लिए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी व्यापक जनआंदोलन करेंगी, ऐसी जानकारी जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख ने दी है.

Back to top button