एनडीपीएस मामलों के 60 आरोपियों की समुपदेशन और विशेष सत्यापन

‘ऑपरेशन कवच’ के तहत अमरावती ग्रामीण पुलिस की पहल

अमरावती/दि.6 – अमरावती ग्रामीण पुलिस ने ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान को और प्रभावी बनाते हुए एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों के 60 आरोपियों की समुपदेशन और विशेष सत्यापन (स्पेशल वेरिफिकेशन) किया. यह पहल जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने और आरोपियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से की गई.
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर अमरावती ग्रामीण के विभिन्न पुलिस थानों में एनडीपीएस मामलों में नामजद 60 आरोपियों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बुलाया गया. इस दौरान उनके वर्तमान व्यवसाय, आजीविका, मौजूदा गतिविधियों तथा नशीले पदार्थों से जुड़े अन्य आरोपियों से संपर्कों की जानकारी जुटाई गई. पुलिस अधिकारियों ने सभी आरोपियों को भविष्य में किसी भी प्रकार की नशीले पदार्थों से संबंधित आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी. साथ ही उन्हें कानून का पालन करने और पुनः ऐसे अपराधों में शामिल न होने के लिए परामर्श भी दिया गया. यह विशेष सत्यापन अभियान पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ तथा ग्रामीण अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे की उपस्थिति में संपन्न हुआ.
* नशे के खिलाफ सूचना देने की अपील
अमरावती ग्रामीण पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी, भंडारण, परिवहन या सेवन से संबंधित कोई भी जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने, पुलिस कंट्रोल रूम या अमरावती ग्रामीण पुलिस हेल्पलाइन नंबर 8380048100 पर दें. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने कहा कि ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत नशीले पदार्थों के उत्पादन, बिक्री, भंडारण, परिवहन और सेवन के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई गई है. पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता और रोकथाम के उपायों पर भी समान रूप से जोर दे रही है. अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

Back to top button