सफाई कर्मियों को धमकाने के मामले में पार्षद देशमुख के खिलाफ कार्रवाई की मांग

अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन ने मनपा कार्यालय पर निकाला मोर्चा

* पार्षद ऋषिकेश देशमुख ने मनपा की आमसभा में दिया था आपत्तिजनक बयान
अमरावती/दि.4 – अमरावती महानगरपालिका की विशेष आमसभा में कथित रूप से सफाई कर्मियों के खिलाफ आपत्तिजनक वक्तव्य करने के आरोप में नगरसेवक ऋषिकेश देशमुख के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है. आरोप है कि कचरा प्रबंधन के मुद्दे पर हुई चर्चा के दौरान उन्होंने सफाई कर्मियों को उल्टा टांगकर मारने जैसी धमकी दी, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया. घटना के विरोध में अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मनपा कार्यालय पर मोर्चा निकाला. यूनियन के अध्यक्ष उमेश सारसर के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने महापौर श्रीचंद तेजवानी को ज्ञापन सौंपकर संबंधित नगरसेवक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की.
सफाई कामगार यूनियन का कहना है कि सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयान अस्वीकार्य हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पार्षद ऋषिकेश देशमुख के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तीव्र किया जाएगा. इस घटनाक्रम के बाद शहर की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है और मनपा प्रशासन पर उचित निर्णय लेने का दबाव बढ़ गया है.

Back to top button