अमरावती में हेलमेट अनिवार्यता पर रोक की मांग
एकता रैली आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू नन्नावरे ने सीपी को सौंपा ज्ञापन

अमरावती/दि.30 – अमरावती शहर में दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने के प्रस्तावित निर्णय का विरोध करते हुए नागरिकों की ओर से पुलिस आयुक्त राकेश ओला को एकता रैली आयोजन समिति के संस्थापक अध्यक्ष समाज भूषण राजू नन्नावरे के नेतृत्व में सामूहिक जनहितार्थ ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में मांग की गई है कि हेलमेट अनिवार्यता लागू करने से पहले शहर की सड़क सुरक्षा से जुड़ी मूलभूत समस्याओं का समाधान किया जाए.
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में रेलवे फ्लाईओवर की मरम्मत के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है. कैंप-राजापेठ-बडनेरा तथा पंचवटी-राजापेठ-बडनेरा मार्ग का अधिकांश यातायात इर्विन चौक से होकर गुजरने के कारण वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे हैं और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नागरिकों का कहना है कि अमरावती जैसे मध्यम आकार के शहर में औसत यात्रा दूरी 12 से 15 किलोमीटर है तथा ट्रैफिक और सिग्नलों के कारण वाहनों की गति सामान्यतः 15 से 20 किमी प्रति घंटा रहती है. ऐसे में स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाना चाहिए. ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर हेलमेट की अनिवार्यता उचित है, लेकिन शहर के भीतर इसे सख्ती से लागू करने से पहले व्यापक जनचर्चा आवश्यक है.
ज्ञापन में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए गड्ढामुक्त सड़कें, सभी ट्रैफिक सिग्नलों की मरम्मत, प्रमुख चौराहों पर नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, अतिक्रमण हटाने, ट्रैफिक प्लानिंग, आवारा पशुओं की समस्या का समाधान, सड़क संकेतक एवं ज़ेब्रा क्रॉसिंग की व्यवस्था, अनावश्यक स्पीड ब्रेकर हटाने, रेलवे फ्लाईओवर मरम्मत से उत्पन्न यातायात समस्या का समाधान, भारी वाहनों के आवागमन की उचित योजना तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने जैसी मांगें भी की गई हैं. ज्ञापन में प्रमुख मांग रखी गई है कि अमरावती शहर में हेलमेट अनिवार्यता के आदेश को फिलहाल स्थगित किया जाए और पहले सड़क सुरक्षा की बुनियादी समस्याओं का समाधान किया जाए. साथ ही नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, ट्रैफिक विशेषज्ञों और संबंधित विभागों से चर्चा कर स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप नीति बनाने की मांग भी की गई है. यह ज्ञापन एकता रैली आयोजन समिति, अमरावती के संस्थापक अध्यक्ष एवं मुख्य संयोजक राजू नन्नावरे के नेतृत्व में पुलिस आयुक्त को सौंपा जाएगा. इसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्रियों तथा अमरावती के पालकमंत्री को भी भेजी गई है.





