फसल कटाई तक कृषि गणना स्थगित करने की मांग
किसानों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

अमरावती/दि.13 – भातकुली तहसील के वंडाली गांव के किसानों ने कृषि गणना का कार्य फसल कटाई तक स्थगित करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है. किसानों का कहना है कि वर्तमान में खेतों में बोवाई पूरी हो चुकी है और कई जगह फसल अंकुरित हो चुकी है. ऐसे समय में कृषि गणना कराए जाने से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है.
ज्ञापन में किसान विजय श्रीरामजी औगड़ सहित अन्य किसानों ने बताया कि उन्होंने पहले ही भूमि अभिलेख विभाग के उप अधीक्षक से अनुरोध किया था कि किसानों की खेती का कार्य पूरा होने तक कृषि गणना स्थगित रखी जाए. किसानों का आरोप है कि उस समय उन्हें आश्वासन दिया गया था कि फिलहाल गणना नहीं की जाएगी. इसके बाद सभी किसान खेती के कार्य में जुट गए. किसानों का कहना है कि अचानक भूमि अभिलेख विभाग के उप अधीक्षक श्री टापरे द्वारा कुछ किसानों को नोटिस भेजकर कृषि गणना शुरू कर दी गई, जबकि कई किसानों को अब तक कोई सूचना नहीं दी गई है. इससे किसानों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है. किसानों ने बताया कि इस समय खेतों में खड़ी और अंकुरित फसलों के बीच गणना किए जाने से फसलों को नुकसान हो सकता है, जिससे उन्हें आर्थिक हानि उठानी पड़ेगी. उन्होंने जिला कलेक्टर से मांग की है कि किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए कृषि गणना का कार्य फसल कटाई तक स्थगित किया जाए, ताकि किसी भी किसान को नुकसान न उठाना पड़े. ज्ञापन सौंपने वालों में विजय औगड, संजय औगड, रमेश औगड, कैलास औगड, नरेंद्र औगड, राहुल औगड, भीमराव पाटेकर, गजानन रोकडे, बबन औगड समेत वंडली के अनेक किसानों का समावेश था.





