महिला महाविद्यालय के प्राचार्य नियुक्त डॉ. मोहाडीकर का शिवाजी कॉलेज में सत्कार

कार्यगौरव समारोह में सहकर्मियों ने साझा कीं यादें, नए दायित्व के लिए दी शुभकामनाएं

अमरावती/दि.27– श्री शिवाजी कला व वाणिज्य महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के प्राध्यापक डॉ. के.के. मोहाडीकर की महिला महाविद्यालय, अमरावती के प्राचार्य पद पर नियुक्ति होने पर श्री शिवाजी कला व वाणिज्य महाविद्यालय की कॉलेज काउंसिल की ओर से उनका सत्कार एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया.
महाविद्यालय के डॉ. पंजाबराव देशमुख सभागार में आयोजित इस कार्यगौरव एवं सत्कार समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र मेटे ने की. कार्यक्रम में अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. शिवाजी कानफाडे, डॉ. उमेश कडू तथा राज्यशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता भुयार प्रमुख रूप से उपस्थित थे. इस अवसर पर डॉ. राजेश मिरगे, डॉ. ज्ञानेश्वर नामुर्ते, डॉ. संजय कटाईत और डॉ. वैशाली टाकोडे सहित अन्य वक्ताओं ने डॉ. मोहाडीकर के महाविद्यालय के विकास में योगदान की सराहना की. वक्ताओं ने उनके साथ एक मित्र और सहकर्मी के रूप में बिताए अनुभवों और यादों को साझा करते हुए उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं.
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. महेंद्र मेटे ने डॉ. मोहाडीकर के अकादमिक योगदान की प्रशंसा की. उन्होंने महाविद्यालय की नैक समिति में डॉ. मोहाडीकर द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका का भी उल्लेख किया. इस अवसर पर डॉ. मोहाडीकर ने महाविद्यालय में नियुक्ति से लेकर अब तक किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए सभी प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों द्वारा समय-समय पर दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया. साथ ही भविष्य में भी सभी का सहयोग मिलने की अपेक्षा व्यक्त की. समारोह में कॉलेज काउंसिल की ओर से डॉ. के.के. मोहाडीकर का शाल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर सम्मान किया गया. कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन कॉलेज काउंसिल के सचिव डॉ. जयराम गायकवाड ने किया. समारोह में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित थे.

Back to top button