अंबानगरी के राजा ‘जय जय आजाद गणेश उत्सव मंडल’ के गणेशोत्सव की तैयारियां शुरू

विधायक रवि राणा की प्रमुख उपस्थिति में भूमिपूजन एवं पाठपूजा संपन्न

अमरावती /दि.27- गणपति बाप्पा मोरया, मंगलमूर्ति मोरया के जयघोष के बीच अमरावती शहर में आगामी गणेशोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ हो गया है. अंबानगरी के राजा के रूप में प्रसिद्ध ‘जय जय आजाद गणेश उत्सव मंडल’ की ओर से बुधवार को आयोजित भूमिपूजन एवं पाठपूजा कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ.
कार्यक्रम में महाराष्ट्र विधानसभा आश्वासन समिति के अध्यक्ष तथा विधायक रवि राणा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना कर उन्होंने गणराया का आशीर्वाद लिया. आगामी गणेशोत्सव भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण में निर्विघ्न संपन्न हो, इसके लिए उन्होंने गणेश भगवान से प्रार्थना की. भूमिपूजन एवं पाठपूजा के दौरान मंडल परिसर में बड़ी संख्या में गणेश भक्त उपस्थित रहे. धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न होने के बाद ‘गणपति बाप्पा मोरया’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा. विधायक रवि राणा ने मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी गणेशोत्सव के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का माध्यम भी है. उन्होंने उत्सव को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की.
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मंडल की ओर से गणेशोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है. भूमिपूजन कार्यक्रम के साथ ही मंडल की गणेशोत्सव तैयारियों को औपचारिक शुरुआत मिल गई है. कार्यक्रम के चलते मंडल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और गणेश भक्तों में उत्साह का माहौल देखने को मिला. आगामी गणेशोत्सव में बड़ी संख्या में नागरिकों के सहभागी होने की उम्मीद है.

Back to top button