डॉ. सैय्यद अबरार आकाशवाणी पर
दंत व मुख आरोग्य पर किया मार्गदर्शन

* ‘आरोग्य संवाद’ में हुआ साक्षात्कार
अमरावती/दि.22– विगत करीब तीन दशकों से दंत चिकित्सा के क्षेत्र में बेहद अलग व अनूठे तरह से अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे वरिष्ठ दंत शल्य चिकित्सक डॉ. सैय्यद अबरार का हाल ही में अमरावती आकाशवाणी पर विशेष साक्षात्कार प्रसारित हुआ. जिसमें उन्होंने मुंह और दांतों के स्वास्थ्य को लेकर अपनी विशिष्ट शैली में मार्गदर्शन किया.
विगत शुक्रवार 17 अप्रैल को सुबह 10 बजे अमरावती आकाशवाणी पर प्रसारित ‘आरोग्य संवाद’ कार्यक्रम के जरिए वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. सैय्यद अबरार के साक्षात्कार का प्रसारण किया गया. यह साक्षात्कार अमरावती आकाशवाणी की निवेदिका अवंती मोरे द्वारा लिया गया. जिसके प्रस्तुतकर्ता आशीष गावंडे रहे. इस साक्षात्कार में डॉ. सैय्यद अबरार ने संजीदगी के साथ-साथ अपने बेहद अलहदा तरीके से मुख व दंत आरोग्य के बारे में जानकारी दी. साथ ही हसमुख स्वभाव के धनी डॉ. सैय्यद अबरार ने जीवन में हास्य को स्वास्थ्य के लिए भी बेहद जरुरी बताया.
विशेष उल्लेखनीय है कि, विगत तीन दशकों से डॉ. सैय्यद अबरार द्वारा मात्र 20 रुपए की फीस लेते हुए मरीजों का इलाज किया जा रहा है. जिसके लिए ख्यातीप्राप्त रहने के साथ-साथ वे प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय स्तर पर कई बार सम्मानित भी हो चुके है. साथ ही उनके बेहद अत्याधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त चार मंजिला दंत चिकित्सा अस्पताल को भी कई स्तरों पर प्रशस्ती एवं प्रतिष्ठा प्राप्त हो चुकी है. इस बारे में पूछे गए सवालों का भी डॉ. सैय्यद अबरार ने दिलखुलास तरीके से जवाब दिया. साथ ही साथ पुराने फिल्मी गितों को लेकर भी अपनी रुचि दर्शायी. जिसके चलते डॉ. सैय्यद अबरार की पसंद वाले कुछ फिल्मी गीत भी श्रोताओं को सुनाए गए.





