अंजनगांव सुर्जी तहसील में ईद-ए-मिलादुन्नबी पर्व धूमधाम से मनाया गया
मस्जिदों और घरों की आकर्षक सजावट

* नारायणपुर में शांतिपूर्ण जुलूस निकाला
अंजनगांव सुर्जी/दि.27 – पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिन के अवसर पर अंजनगांव सुर्जी तहसील परिसर में ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विभिन्न मस्जिदों और घरों को आकर्षक रोशनी एवं सजावट से सजाया गया.
ईद-ए-मिलादुन्नबी को मौलिद-अन-नबी शरीफ और बारा वफात के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन मुस्लिम समाज के लोग पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन, उनके उपदेशों तथा मानवता और भाईचारे के संदेश को याद करते हैं. पर्व के अवसर पर तहसील के विभिन्न स्थानों पर मिलाद महफिल, सीरत सम्मेलन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इनमें बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया. कई स्थानों पर मिठाई, खीर और लड्डू का वितरण भी किया गया. कापुसतलनी की जामा मस्जिद और नारायणपुर की नूरानी मस्जिद में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए. नारायणपुर में श्रद्धा और शांतिपूर्ण माहौल में जुलूस-ए-मिलाद निकाला गया, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
* पुलिस ने दिया नशामुक्ति का संदेश
इस अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से ऑपरेशन कवच के तहत अमली पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बारे में जनजागृति की गई. नागरिकों और युवाओं को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया. सुरक्षा व्यवस्था के लिए उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील हूड के मार्गदर्शन में अंजनगांव सुर्जी के थानेदार सूरज बोंडे, रहीमापुर के थानेदार प्रशांत देशमुख तथा कापुसतलनी पुलिस चौकी प्रमुख उपनिरीक्षक गजानन डोकेकर ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त तैनात रखा. पुलिस की सतर्कता के बीच सभी धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए.




