भजन करते-करते प्रबोधनकार रामधन महाराज का अवसान

अचानक गिर पडे, दिल दहला देने वाला अंत

* आखिरी शब्दों ने सभी को झकझोर दिया
जालना /दि.16– जालना जिले से एक अत्यंत दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. बंजारा समाज के वरिष्ठ प्रबोधनकार तथा प्रसिद्ध भजनकार रामधन महाराज राठोड का भजन कार्यक्रम के दौरान दिल का तेज दौरा पड़ने से निधन हो गया. भजन में पूरी तरह लीन होकर समाजप्रबोधन के विचार रखते हुए अचानक उन्हें अस्वस्थ महसूस होने लगा और कुछ ही क्षणों में वे मंच पर गिर पड़े. यह पूरी घटना वहां मौजूद एक युवक ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड की है, जिससे इलाके में शोक की लहर फैल गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, परतूर तालुका के सुरुमगांव तांडा में बंजारा समाज की ओर से रामधन महाराज राठोड के भजन और समाजप्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में आसपास और विभिन्न क्षेत्रों से बंजारा समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे. रामधन महाराज अपनी खास शैली में भजन प्रस्तुत करते हुए समाज में एकता, संस्कार और सामाजिक परिवर्तन के बारे में मार्गदर्शन कर रहे थे.
भजन के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया था, तभी अचानक रामधन महाराज को चक्कर आ गया. कुछ ही क्षणों में वे मंच पर गिर पड़े, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. उपस्थित नागरिकों ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
* विभिन्न स्तरों पर शोक व्यक्त
भजन की सुरों और समाजप्रबोधन के कार्य में जीवन समर्पित करने वाले इस महान व्यक्तित्व का अंत भी भजन करते हुए होने से उपस्थित कई लोगों की आंखों में आंसू आ गए. रामधन महाराज के निधन की खबर फैलते ही बंजारा समाज में शोक की लहर दौड़ गई और विभिन्न स्तरों से शोक व्यक्त किया जा रहा है.
* कई वर्षों तक कीर्तन, समाजजागृति
रामधन महाराज राठोड ने कई वर्षों तक भजन, कीर्तन और समाजजागृति के माध्यम से बंजारा समाज में प्रबोधन का कार्य किया. सामाजिक एकता, शिक्षा, नशामुक्ति और संस्कृति को बचाने का संदेश वे अपने भजनों के माध्यम से लगातार देते रहे. उनके कार्यक्रमों में हमेशा बड़ी भीड़ होती थी और समाज के युवाओं पर उनका विशेष प्रभाव था. उनके निधन से बंजारा समाज ने एक प्रभावशाली वक्ता, भजनकार और समाजप्रबोधनकार को खो दिया है. कई सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्रों के लोगों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है.

Back to top button