प्रेमी का किया काम तमाम
महिला ने पति और भाई की मदद से दिया अंजाम

* शव ड्रम में भरकर फेंका नाले मे.
मुंबई /दि.16- मुंबई से सटे मुंब्रा इलाके में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. विवाहेतर संबंधों के चलते एक महिला ने अपने पति और भाई की मदद से अपने प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को ड्रम में भरकर नाले में फेंक दिया गया था. हालांकि, तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मुंब्रा पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का कुछ ही दिनों में खुलासा कर दिया.
* मामला क्या है?
मुंब्रा के निवासी अरबाज मकसूद अली खान रोज़ दादर काम पर जाने का कहकर घर से निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. अंत में पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में बेटे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की.
* मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने अरबाज के मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन की जांच की. उसका आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में पाया गया. खास बात यह रही कि उसी समय उसकी प्रेमिका मेहजबीन शेख का लोकेशन भी उसी इलाके में मिला, जिससे पुलिस को शक हुआ. पुलिस ने मेहजबीन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
* हत्या की साजिश कैसे रची गई
मेहजबीन ने अपने पति हसन और भाई तारिक शेख के साथ मिलकर अरबाज से वसूली और उसकी हत्या की साजिश रची थी. पैसे देने के बहाने उन्होंने अरबाज को वर्सोवा बुलाया. लेकिन पैसे न मिलने पर गुस्से में आरोपियों ने अरबाज के हाथ बांध दिए और प्लास्टिक पाइप से उसकी बेरहमी से पिटाई की. इसी मारपीट में उसकी मौत हो गई.
* सबूत मिटाने के लिए ड्रम का इस्तेमाल
हत्या के बाद इस मामले का किसी को पता न चले, इसके लिए आरोपियों ने बेहद क्रूर तरीका अपनाया. उन्होंने अरबाज के शव को एक हरे रंग के ड्रम में भरकर मुंब्रा के एक सुनसान नाले के इलाके में फेंक दिया. मुंब्रा पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी महिला मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, महिला का पति हसन और उसका साथी मुजम्मल पठान अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या, साजिश रचने और सबूत मिटाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.





