कर्जमाफी योजना का लाभ दिलाने में तेजी लाएं

सहकार विभाग और बैंक समन्वय से करें काम

* जिलाधिकारी आशीष येरेकर के बैंक अधिकारियों को निर्देश
अमरावती/दि.4 – पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमाफी योजना के पात्र किसानों को शीघ्र लाभ दिलाने के लिए सहकार विभाग और बैंकों को समन्वय के साथ कार्य कर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने दिए. उन्होंने सभी तहसील स्तर के सहायक निबंधकों से कहा कि जिन किसानों का ई-केवाईसी (आधार प्रमाणीकरण) शेष है, उनकी सूची प्रतिदिन तैयार कर बैंकों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि लाभार्थियों की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके.
सोमवार को जिलाधीश कार्यालय के राजस्व सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी सहायक निबंधकों एवं बैंक प्रतिनिधियों के साथ योजना की प्रगति की समीक्षा की. बैठक में निवासी उपजिलाधिकारी संतोष काकड़े तथा जिला उपनिबंधक राजेश भुयार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे. जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार की इस ऐतिहासिक योजना के तहत जिले के 1 लाख 24 हजार 142 किसानों का विवरण महाआयटी पोर्टल पर अपलोड किया गया है. इनमें से 25 जुलाई 2026 को 76 हजार 976 पात्र किसानों की पहली सूची जारी की गई थी. अब तक 46 हजार 421 किसानों ने आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली है.
उन्होंने कहा कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र किसानों को नजदीकी आपले सरकार सेवा केंद्र (सेतु केंद्र) पर जाकर आधार प्रमाणीकरण कराना अनिवार्य है. जिन किसानों का प्रमाणीकरण अभी शेष है, उनसे बैंक सीधे संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कराएं. साथ ही जिन किसानों का एग्रीस्टैक पंजीकरण लंबित है, उनकी सूची संबंधित तहसील कार्यालयों को भेजकर पंजीकरण कार्य भी शीघ्र पूरा कराया जाए. जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने निर्देश दिए कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी सेतु केंद्र और बैंक खुले रखकर कर्जमाफी योजना की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए.

Back to top button