कुत्ते को डंडे से मारने के विवाद में किसान पर हमला

बेटे को पीटने दौड़े तीन आरोपी

* बीच-बचाव करने आए 62 वर्षीय पिता को भी पीटा
* मुर्तिजापुर तरोड़ा गांव की घटना
तिवसा/दि.26– घर के पालतू कुत्ते को डंडे से मारने को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तीन लोगों ने शिकायतकर्ता के बेटे के साथ मारपीट करने का प्रयास किया. बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे 62 वर्षीय किसान पिता पर भी डंडे से हमला किए जाने का आरोप है. हमले में किसान के माथे और कंधे पर चोट आई है. वहीं, एक महिला आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता की पत्नी के बाल खींचकर मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है.
यह घटना तिवसा थाना क्षेत्र के मुर्तिजापुर तरोड़ा गांव में सोमवार, 24 अगस्त को दोपहर करीब 3 से 3.30 बजे के बीच हुई. इस मामले में शिकायतकर्ता किसनराव नानाजी वेरूलकर (62) ने तिवसा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस में दर्ज शिकायत के मुुताबिक शिकायतकर्ता अपने घर पर आराम कर रहा था. इसी दौरान उसका पालतू कुत्ता पड़ोस में रहने वाले आरोपियों के घर के सामने से गुजर रहा था. आरोप है कि इसी दौरान मंगेश सुरेश पाथरे (32) ने कुत्ते को डंडे से मार दिया. यह देखकर शिकायतकर्ता के बेटे महेश ने मंगेश से कुत्ते को मारने का कारण पूछा. इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. शिकायत के मुताबिक महेश के विरोध करने पर सुरेश देवीदासराव पाथरे (60), मंगेश सुरेश पाथरे (32) और रत्नकला सुरेश पाथरे (50) महेश के साथ मारपीट करने के लिए उसकी ओर दौड़े. शोर सुनकर किसनराव वेरूलकर घर से बाहर आए और बीच-बचाव करने लगे. आरोप है कि इसी दौरान सुरेश और मंगेश ने उनके साथ डंडे से मारपीट की. डंडे से माथे और कंधे पर वार किए जाने से वह घायल हो गए. इसी दौरान आरोपी रत्नकला ने शिकायतकर्ता की पत्नी के साथ भी मारपीट करते हुए उसके बाल खींचने का आरोप है. शिकायत में आरोपियों द्वारा गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी उल्लेख किया गया है.
घटना के बाद शिकायतकर्ता ने तिवसा पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आरोपियों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.

Back to top button