दो साल से खेत की नाप के लिए भटक रहा किसान
मंत्री के आदेश के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

* नांदगांव खंडेश्वर तहसील कार्यालय पर गंभीर लापरवाही का आरोप
अमरावती/दि.13– बडनेरा निवासी नीलेश रामभाऊ पवार ने अमरावती जिला भूमि अभिलेख कार्यालय और नांदगांव खंडेश्वर तहसील कार्यालय पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पिछले दो वर्षों से वे अपने खेत की मोजणी (नाप) के लिए कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला. इतना ही नहीं, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले द्वारा दिए गए आदेशों का भी पालन नहीं किया गया.
नीलेश पवार के अनुसार उनका खेत सर्वे नंबर 5, मौजा टाकली, तहसील नांदगांव खंडेश्वर में स्थित है. उन्होंने करीब दो वर्ष पहले भूमि अभिलेख कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों और 9 हजार रुपये शुल्क के साथ सर्वे के लिए आवेदन किया था. लंबे इंतजार के बाद जब उन्होंने कार्यालय में संपर्क किया तो पता चला कि उनके आवेदन के कागजात ही गायब हैं. इसके बाद उन्होंने दोबारा 9 हजार रुपये जमा कर नया आवेदन किया. इस बार डिप्टी सुपरिटेंडेंट नागरगोचे और सर्वेयर अश्विनी खेडेकर ने खेत का सर्वे किया, लेकिन कथित तौर पर गलत मोजणी कर सीमा निर्धारण सर्वे नंबर 6 में कर दिया गया. पड़ोसी खेत मालिक द्वारा आपत्ति दर्ज किए जाने के बाद मामला फिर अटक गया. पवार का आरोप है कि बाद में हुए दोबारा सर्वे में खुद सर्वेयर अश्विनी खेडेकर ने पहले की मोजणी को गलत बताया. इसके बावजूद अब तक सही सीमा निर्धारण नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि अधिकारियों की गलतियों का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है.
इस मामले को लेकर उन्होंने पालकमंत्री तथा राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को निवेदन सौंपा था. मंत्री ने जिला भूमि अभिलेख अधीक्षक महेश शिंदे को मामले का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. नीलेश पवार ने बताया कि सर्वे प्रकरण लंबित रहने से परेशान होकर उन्होंने 6 फरवरी 2026 को जनता दरबार में आत्मदाह का प्रयास भी किया था. उस समय अधिकारियों ने एक महीने में मामला सुलझाने का आश्वासन दिया था, लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई और उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे जिला भूमि अभिलेख कार्यालय के खिलाफ न्यायालय में याचिका दायर करेंगे. साथ ही उन्होंने मीडिया से मामले को प्रमुखता से प्रकाशित कर न्याय दिलाने में मदद करने की अपील की है.





