टुर्नामेंट के आखरी दिन क्रिकेट प्रेमियों को जबरदस्त रोमांच देखने मिला
एसकेपीएल फाइनल में जय रेफ्रिजरेटर बना चैम्पियन

* नमन कुकरेजा की तूफानी बल्लेबाजी से इयो ब्लास्ट को मिली हार
अमरावती/दि.13- संत कंवरराम प्रिमीयम लीग (एसकेपीएल) टुर्नामेंट के आखरी दिन क्रिकेट प्रेमियों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला. टुर्नामेंट के अंतिम दिन दूसरा सेमी फाइनल मुकाबला गुरुकृपा ब्लास्टर और इयो ब्लास्टर के बीच खेला गया. दोनों टीमों के बीच कडा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अंतत: इयो ब्लास्टर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया. इस मुकाबले में मैन ऑफ द मैच अकोला के मनीष मनवानी रहे.
* आईपीएल की तर्ज पर हुई खिलाडियों की एंट्री
टुर्नामेंट का फाइनल मुकाबला जय रेफ्रिजरेटर बनाम इयो ब्लास्टर के बीच खेला गया. इस फाइनल में आयोजन को खास बनाने के लिए आईपीएल की तर्ज पर सभी खिलाडियों को शिव साई ट्रैवल्स में बैठाकर मैदान पर लाया गया. इसके बाद सर्वप्रथम माननीय अतिथियों के हाथों ट्रॉफी का विमोचन किया गया. राष्ट्रगीत के बाद फाइनल मुकाबला शुरु हुआ. टॉस का सिक्का साईं डॉ. संतोष महाराज व साईं किशनलाल के हाथों उछाला गया. टॉस जीतकर इयो ब्लास्ट ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया.
* इयो ब्लास्ट ने 10 ओवर में बनाए 83 रन
इयो ब्लास्ट के ओपनिंग बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की. नीलेश पंजवानी ने 21 गेंदों में 27 रन और विजय ठाकुर ने 13 गेंदों में 22 बन बनाए. लेकिन जय रेफ्रिजरेटर के गेंदबाजों ने समय पर विकेट निकालकर दबाव बनाया. इयो ब्लास्ट की टीम 10 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 83 रन ही बना सकी.
* पियूष की कैप्टनशिप पारी, नमन कुकरेजा ने पलट दिया मैच
दर्शकों से खचाखच भरे मैदान पर अपने लक्ष्य का पीछा करने उतरी जय रेफ्रिजरेटर की टीम ने संयम और आक्रमकता के साथ बल्लेबाजी की. टीम के कप्तान पियूष केवलरामानी ने शानदार कैप्टनशिप पारी खेलते हुए 20 गेंदों में 30 रन बनाए. इसके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाज लकी बसंतवानी ने धमाकेदार बल्लेबाजी से और सबका दिल जीतनेवाले नमन कुकरेजा ने इयो ब्लास्ट की संभावित जीत को हार में बदल दिया. नमन कुकरेजा ने मात्र 7 गेंदों में 24 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई और जय रेफ्रिजरेटर को एसकेपीएल का चैम्मियन बना दिया.
* पुरस्कार की राशि 1,21,000 व 66,666 रुपए
इस टुर्नामेंट का प्रथम पुरस्कार समाधा बिल्डर की ओर से 1,21,000 व द्वितीय पुरस्कार एमिस्टर फैशन की ओर से 66,666 रुपए रखा गया.
* फाइनल मुकाबले में गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
टुर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में साईं जशनलालजी, साईं डॉ. संतोष महाराज, महापौर श्रीचंद तेजवानी, प्रतिदिन अखबार के संपादक प्रवीण आहूजा, समाधा बिल्डर्स के संचालक संजय बतरा, एमिस्टर के संचालक हरीश बतरा, पार्षद महेश मुलचंदानी, प्रशांत वानखडे, नंदा सावदे सहित एसकेपीएल के सभी सदस्य मनीष तलरेजा, आशीष बतरा, मयूर मंधान, राजेश बजाज, मनोज चांदवानी, मोनी तलडा, कपील मंधान, पवन झांबानी, सूरज तलडा उपस्थित रहे. एसकेपीएल के इस शानदार आयोजन ने खेल भावना, उत्साह और सामाजिक एकता का बेहतरीन संदेश दिया. फाइनल मुकाबला दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.
* टुर्नामेंट के विशेष पुरस्कार
एसकेपीएल टुर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करनेवाले खिलाडियों को भी सम्मानित किया गया. जिसमें बेस्ट बैटस मैन आशीष बतरा, बेस्ट बॉलर अकोला के आशीष आहूजा, बेस्ट फिल्डर सत्या छुटलानी को विशेष पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया.





