मोबाइल चार्ज करते समय करंट लगने से छात्रा की मौत
वरूड तहसील के सुरली गांव की घटना

अमरावती/दि.15– वरूड तहसील के सुरली गांव में मोबाइल चार्ज करते समय करंट लगने से 16 वर्षीय छात्रा की मृत्यु हो गई. मृतक छात्रा का नाम जान्हवी किशोर सोनारे है.
जानकारी के मुताबिक जान्हवी सोनारे ने वरूड शहर के नेशनल कान्वेंट इंग्लिश स्कूल से हाल ही में 10 वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी. वर्तमान में उसके घर में निर्माण कार्य जारी था. बुधवार 13 मई की शाम 6.30 बजे के दौरान जान्हवी मोबाइल चार्ज करने के लिए खिडकी के पास गई थी. जैसे ही उसने खिडकी को स्पर्श किया. उसे बिजली का जोरदार झटका लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद परिजनों ने उसे तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया. जहां डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसने दम तोड दिया. इस घटना से सुरली गांव में शोक व्याप्त है. पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज की है.





