धूमधाम के साथ ही शांतिपूर्ण ढंग से मना ईद-उल-अजहा का पर्व
हैदरपुरा ईदगाह मैदान पर हुई ईद की नमाज

* दुनिया में अमन व शांती के लिए मांगी गई दुआ
* मिस्कीन शाह मस्जिद के वसी मैदान से निकला भव्य जुलूस
* ईदगाह मैदान पर हजारों मुस्लिम समाज बंधुओं की रही मौजूदगी
* मौलाना मुफ्ती शरफोद्दीन साहब ने पढाई नमाज व दुआ
* नमाजियो ने एक-दूसरे से गले मिलकर दी ईद की मुबारकबाद
* अपने मरहूमो की कब्रों पर जाकर मगफिरत की दुआ भी पढी
अमरावती/दि.28 – आज अमरावती शहर सहित जिले में मुस्लिम समाज बंधुओ द्बारा धूमधाम के साथ ही बेहद शांतिपूर्ण ढंग से ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व मनाया गया. जिसके तहत आज अमरावती शहर के हैदरपुरा स्थित ईदगाह मैदान पर ईद की नमाज पढी गई. तथा दुनिया में अमन व शांति के लिए दुआ मांगी गई. जिसके बाद सभी मुस्लिम समाज बंधुओं ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद देने के उपरांत अपने-अपने घरों पर जाकर ईद-उल-अजहा से संबंधित कुरबानी की धार्मिक विधि को पूरा किया.
आज सुबह 7.15 बजे स्थानीय हाथीपुरा स्थित मरकज-ए-अहलेसुन्नत मस्जिद मस्किनशाह मियां के वसी मैदान से मौलाना मुफ्ति शरफोद्दीन शाह की अगुआई में भव्य जुलूस निकाला गया, जो सुबह 7.30 बजे के आसपास ईदगाह मैदान पर पहुंचा, जहां पर सुबह 7.45 बजे मौलाना मुफ्ती शरफोद्दीन साहब द्बारा ईद की नमाज पढी गई. इस समय हजारो मुस्लिम समाज बंधुओ ने नमाज अदा करने में शिरकत की. ईद की नमाज के बाद पूरी दुनिया में अमन चैन व आपसी भाईचारा कायम रहने हेतु दुआ भी पढी गई और दुआ कबूल होने के लिए पाकपरवरदीगार की बारगाह में हजारों हाथ उठे. ईद की नमाज के बाद ईदगाह मैदान पर मौजूद मुस्लिम समाज बंधुओं ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी. साथ ही साथ ईदगाह मैदान से सटे कब्रस्तान में स्थित अपने मरहुमो की कब्रों पर जाकर उन्हें भी ईद की मुबारकबाद देते हुए उनके लिए मगफिरत की दुआ अदा की. जिसके उपरांत मुस्लिम समाज बंधूओं के घरों पर ईद-उल-अजहा से संबंधित कुरबानी और हिस्सेदारी की धार्मिक विधि को संपन्न किया गया.
* सीपी राकेश ओला सहित पुलिस अधिकारियों ने दी मुबारकबाद
– ईदगाह परिसर सहित मुस्लिम बहुल क्षेत्र में रहा तगडा बंदोबस्त
हैदरपुरा परिसर स्थित ईदगाह मैदान के पास ही शहर पुलिस प्रशासन की ओर से एक भव्य पंडाल लगाया गया था. साथ ही साथ ईदगाह मैदान के चारों ओर एवं मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में पुलिस की ओर से तगडा बंदोबस्त भी तैनात किया गया था. जिसका जायजा लेने हेतु शहर पुलिस आयुक्त राकेश ओला आज सुबह 8 बजे ईदगाह मैदान परिसर पहुंचे. जहां पर उन्होंने पुलिस विभाग की ओर से लगाए गए पंडाल में उपस्थित रहते हुए ईद की नमाज अदा करने के उपरांत ईदगाह मैदान से बाहर निकलनेवाले मुस्लिम समाज बंधुओ को ईद-उल-अजहा के पर्व की शुभकामनाएं भी दी. इस समय शहर पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे, सहायक पुलिस आयुक्त रमेश खताले एवं नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन के थानेदार हनुमंत उरलागोंडावार भी उपस्थित थे





