के. एल. कॉलेज के प्राचार्य कार्यालय में लगी आग
40 मिनट की मशक्कत के बाद पाया काबू

अमरावती/दि.23- पंचवटी चौक स्थित के.एल. कॉलेज में मंगलवार, 22 सितंबर की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉलेज के प्राचार्य के मुख्य कार्यालय में अचानक आग लग गई. आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और करीब 30 से 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.
जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अग्निशमन अधीक्षक को के.एल. कॉलेज के प्राचार्य कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पाली प्रमुख किशोर शेंडे के आदेश पर दमकल वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. वाहन चालक संतोष डोईफोडे तथा फायरमैन योगेश ठाकरे, आशीष चव्हाण और ज्ञानेश्वर चव्हाण मौके पर पहुंचे. मौके पर पहुंचते ही दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया. आग की तीव्रता को देखते हुए अग्निशमन मुख्यालय से दूसरी फायर लॉरी को भी आवश्यक अग्निशमन सामग्री के साथ घटनास्थल पर भेजा गया. जवानों ने लगातार प्रयास करते हुए करीब 30 से 40 मिनट में आग पर नियंत्रण पा लिया. कार्यालय के भीतर जमा धुएं को बाहर निकालने के लिए एग्जॉस्ट फैन का भी इस्तेमाल किया गया. दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
* नुकसान का आकलन जांच के बाद
आग लगने के कारण प्राचार्य कार्यालय में कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी संबंधित विभाग के निरीक्षण के बाद सामने आने की संभावना है. आग पूरी तरह बुझाने के बाद दमकल टीम ने कार्यालय और आसपास के परिसर का जायजा लिया. आग बुझाने की कार्रवाई में वाहन चालक संतोष डोईफोडे, निशांत वरघट, फायरमैन योगेश ठाकरे, आशीष चव्हाण और ज्ञानेश्वर चव्हाण के साथ आपातकालीन कुली कर्मचारी वैभव मातरे और इन्शाल अहमद ने सहयोग किया.





