जिला महिला अस्पताल में अग्निशमन विभाग ने किया फायर सेफ्टी डेमो
अग्निसुरक्षा संबंधी जनजागृति व प्रशिक्षण

अमरावती/दि.24– अमरावती महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग द्वारा बुधवार को जिला महिला अस्पताल (डफरिन अस्पताल) में अग्नि सुरक्षा संबंधी जनजागृति एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम अस्पताल प्रशासन के अनुरोध पर आयोजित किया गया.
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य अग्निशमन अधिकारी दिनेश हंबर्डे तथा अग्निशमन अधीक्षक अजय पंधरे के निर्देशानुसार किया गया. प्रशिक्षण सत्र का मार्गदर्शन केंद्र प्रमुख प्रेमानंद सोनकांबळे और पाली प्रमुख किशोर शेंडे ने किया. फायर लॉरी क्रमांक एमएच-27 / बीएक्स-7202 के साथ फायरमैन अमोल सालुंके, ज्ञानेश्वर चव्हाण तथा वाहन चालक संतोष डोईफोडे ने उपस्थित कर्मचारियों को आग से बचाव और आपदा प्रबंधन संबंधी विभिन्न विषयों पर प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया.
इस दौरान आग क्या है, आग का वर्गीकरण, आग बुझाने की विभिन्न पद्धतियां, एलपीजी गैस रिसाव होने पर क्या करें और क्या न करें, गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियां, आपातकाल में अग्निशमन दल से संपर्क करने की प्रक्रिया, आग या धुएं में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के तरीके तथा अग्निशमन यंत्रों के उपयोग की जानकारी दी गई. कार्यक्रम में जिला महिला अस्पताल की नर्सें, वार्ड बॉय, सुरक्षा रक्षक एवं अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के महत्व से भी अवगत कराया. अस्पताल प्रशासन ने इस जनजागृति कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से कर्मचारियों की आपदा प्रबंधन क्षमता में वृद्धि होती है और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलती है.





