महिलाओं के लिए पहली बार अमरावती में भव्य साइक्लिगं जिला लीग का आयोजन
19 जून को होगी प्रतियोगिता

अमरावती/दि.12– महिलाओं में साइक्लिगं खेल के प्रति रुचि बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की उभरती खिलाड़ी लड़कियों को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अमरावती साइक्लिगं एसोसिएशन, साइक्लिगं एसोसिएशन ऑफ महाराष्ट्र (कैम), साइक्लिगं फेडरेशन ऑफ इंडिया तथा अस्मिता खेलो इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में वुमेन्स साइक्लिगं जिला लीग-2026 का आयोजन किया जा रहा है. यह प्रतियोगिता शुक्रवार 19 जून को सुबह 6 बजे डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक (इर्विन चौक), अमरावती से प्रारंभ होगी. प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है. हालांकि सभी प्रतिभागियों के लिए हेल्मेट पहनना अनिवार्य होगा तथा आयु प्रमाण-पत्र साथ लाना आवश्यक रहेगा.
* तीन आयु वर्गों में होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में बालिकाओं एवं युवतियों के लिए तीन अलग-अलग वर्ग निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के लिए 5 किमी, 17 वर्ष से कम आयु वर्ग के लिए 7 किमी, 19 वर्ष से कम आयु वर्ग के लिए 10 किमी. प्रतियोगिता के विजेताओं को पदक प्रदान किए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र दिया जाएगा.
* नवोदित खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर
आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता केवल पेशेवर साइक्लिस्टों के लिए नहीं, बल्कि नियमित रूप से साइकिल चलाने वाली तथा साइक्लिगं में करियर बनाने की इच्छुक नवोदित लड़कियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण अवसर है. जिले के स्कूलों, कॉलेजों, खेल संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों की खिलाड़ी बालिकाओं से बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया है. साइक्लिगं को फिटनेस के साथ-साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और सहनशक्ति विकसित करने वाला खेल माना जाता है. ऐसे में यह जिला लीग महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी. अधिक जानकारी के लिए अतुल कलमकर-9372872247, लक्ष्मीकांत खंडागले-9422680991, सचिन पारेख-9960390960 से संपर्क कर आयोजकों ने अमरावती जिले की अधिक से अधिक लड़कियों से इस प्रतियोगिता में भाग लेने तथा 19 जून को साइक्लिगं के इस उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है.





