मृत व्यक्ति के खाते से 14.82 लाख रुपये की धोखाधड़ी
मामला दर्ज, वरुड थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/दि.18- मृत व्यक्ति के बैंक खाते से 14 लाख 82 हजार 442 रुपये की हेराफेरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस प्रकरण में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी का नाम वरुड निवासी उमेश रामराव ब्राह्मण (40) है.
शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को बताया कि उसके दिवंगत भाई के बैंक खाते से मोबाइल फोन और ऑनलाइन बैंकिंग माध्यमों का उपयोग कर विभिन्न चरणों में कुल 14 लाख 82 हजार 442 रुपये आरोपी ने खुद के और उसकी पत्नी के बैंक खातों में ट्रान्सफर किये. मामले की जानकारी सामने आने के बाद शिकायतकर्ता महिला ने वरुड पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और लेन-देन के सभी वित्तीय दस्तावेजों तथा बैंक रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक के बैंक खाते की जानकारी आरोपियों तक कैसे पहुंची और पैसों का उपयोग किस प्रकार किया गया. मामले की विस्तृत जांच जारी है.





