फर्जी नंबर प्लेट लगाकर 13 लाख रुपये की सोयाबीन हड़पने वाला गिरोह बेनकाब

पुलिस ने ट्रक संचालक को किया गिरफ्तार

* गाडगे नगर पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.20 – गाडगेनगर पुलिस ने फर्जी नाम और नकली नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर सोयाबीन से भरे ट्रक के जरिए 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर 20 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया है.
पुलिस के अनुसार, धामणगांव रेलवे निवासी अनाज व्यापारी मनीष सतीश भट्टड़ ने 6 जून को कृषि उपज मंडी समिति से 201 क्विंटल सोयाबीन खरीदकर सोलापुर के एक व्यापारी को 13 लाख रुपये में बेचा था. माल को बाबा ट्रांसपोर्ट कंपनी, वलगांव के माध्यम से ट्रक क्रमांक एमएच-25/यू-0375 से सोलापुर भेजा गया था. हालांकि, माल अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचा. जांच के दौरान पता चला कि ट्रक चालक ने फर्जी पहचान और नकली नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर सोयाबीन को बीच रास्ते में ही बेच दिया और व्यापारी को 13 लाख रुपये का चूना लगा दिया. शिकायत के आधार पर गाडगेनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देश पर डीबी दल ने घटनास्थल और विभिन्न टोल नाकों के करीब 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की. तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिवाजी त्र्यंबक राठौड़ तथा ट्रक मालिक रमेश मिठ्ठू राठौड़, दोनों निवासी लोहा, जिला नांदेड़ की पहचान की. पुलिस ने ट्रक मालिक रमेश राठौड़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपने साथी शिवाजी राठौड़ के साथ मिलकर अपराध करना स्वीकार किया. आरोपियों ने ट्रक पर नकली नंबर प्लेट लगाकर सोयाबीन की खेप को परभणी जिले में एक व्यापारी को बेच दिया था.
पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 लाख रुपये नकद, अपराध में इस्तेमाल किया गया असली ट्रक क्रमांक एमएच-40/एके-3811 जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये है, जब्त कर लिया. कुल 20 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गाडगेनगर के थानेदार गोरखनाथ जाधव, निरीक्षक विजया पंधरे, प्रमोद पाचकवडे, डीबी दल प्रमुख पीएसआई योगेश श्रीवास, हेड कांस्टेबल भारत वानखडे, नंदकिशोर करोची, जवान राजेश गुरेले, विनोद मालवे, मतीन शेख, सुशांत प्रधान, धनराज कुमरे व महेश शर्मा के दल ने की. पुलिस मामले में फरार मुख्य आरोपी शिवाजी त्र्यंबक राठौड़ की तलाश कर रही है.

Back to top button