1 अक्तूबर से शहर के 50 हजार उपभोक्ताओं की गैस बंद!
सरकारी कंपनियों द्वारा गैस डीलर्स को निर्देश

* पहले कराना होगा बीएए, आधार जरुरी, तभी होगा रिफिल बुक
* लेना पड सकता हैं 5 या 10 किलो का सिलेंडर
अमरावती/दि.25- अगले सप्ताह 1 अक्तूबर से अमरावती शहर के लगभग 4 लाख घरेलू गैस सिलेंडर एलपीजी उपभोक्ताओं में से 50 हजार के करीब उपभोक्ताओं का रिफिल बुक नहीं होगा. यह जानकारी सरकारी तेल कंपनियों के स्थानीय वितरकों ने शासकीय आदेश प्रसारित करते हुए दी. उन्होंने बताया कि, शासन की ओर से पिछले 4 वर्षों से एलपीजी उपभोक्ताओं को बायोमैट्रीक आधार ऑथेंटीकेशन (बीएए) करवाने कहा जा रहा है. अब भी अकेले अमरावती में ही 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने मोटे तौर पर अपने आधार नंबर और जरुरी कागजात प्रस्तुत नहीं किए है. फलस्वरुप तेल कंपनियों ने बीएए करने तक सिलेंडर बुक नहीं करने के निर्देश वितरकों को दिए हैं.
* फोन भी लगाए, मैसेज की भरमार
अमरावती गैस डीलर्स असो. के पदाधिकारियों ने अमरावती मंडल को बताया कि, तीनों शासकीय पेट्रो कंपनियां बीपीसीएल, एचपीसीएल और आईओसी ने 30 सितंबर तक बायोमैट्रीक आधार ऑथेंटीकेशन (बीएए) की मुद्दत उपभोक्ताओं को दी है. इसके बाद अर्थात 1 अक्तूबर से बीएए न करनेवाले उपभोक्ताओं का रिफिल सिलेंडर बुक नहीं होगा. डीलर्स ने बताया कि, सभी संबंधित उपभोक्ताओं को पिछले 4 वर्षों से सतत संदेश भेजे जा रहे हैं. हर डिलवरी पर हॉकर ने बीएए की याद दिलाई है. फोन भी लगाए गए. बारंबार फोन कॉल के बावजूद उपभोक्ताओं ने केवाईसी नहीं करवाई. जिससे अब उनकी सिलेंडर रिफिलिंग रोकने के निर्देश कंपनियों ने वितरकों को दिए हैं.
* क्या है उनके पास ऑप्शन
अमरावती मंडल से चर्चा करते हुए एक प्रमुख डीलर ने बताया कि, बीएए अर्थात कागजात प्रस्तुत नहीं करने वाले एलपीजी उपभोक्ताओं को 5 अथवा 10 किलो का सिलेंडर खरीदना पडेगा. शासकीय सबसीडी का लाभ प्राप्त नहीं होगा. 10 किलो के पारदर्शी सिलेंडर की कीमत 1700 रुपए प्रति रिफिल चुकानी होगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि, 1 अक्तूबर के बाद भी उपभोक्ता बीएए करवा सकते हैं. अपने आधार नंबर और अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे.





