जुआं अड्डे पर छापे में 1.16 लाख रुपये का माल जब्त
6 जुआरी फरार, शिरजगांव कसबा पुलिस की कार्रवाई

अमरावती/दि.27- अमरावती ग्रामीण के शिराजगांव कस्बा थाना पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जुए के अड्डे पर छापा मारा. इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि छह अन्य मौके से फरार हो गए. पुलिस ने कार्रवाई में 1,16,080 रुपये मूल्य की नकदी और अन्य सामग्री जब्त की है.
जानकारी के मुताबिक जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर अवैध धंधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत 27 जून को शिराजगांव कस्बा थाना पुलिस गश्त पर थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग एक खेत में खुले स्थान पर पैसे लगाकर ताश का जुआ खेल रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापा मारा. पुलिस को देखते ही जुआरी भागने लगे. पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि छह आरोपी फरार होने में सफल रहे. उनका पीछा किया गया, लेकिन वे हाथ नहीं आए. मौके से पुलिस ने 52 ताश के पत्ते, 30 रुपये की जुआ सामग्री, आरोपियों के कब्जे से 4,100 रुपये नकद तथा अन्य सामग्री सहित कुल 1,16,080 रुपये का माल जब्त किया. जब्त संपत्ति में आरोपियों द्वारा उपयोग किए जा रहे वाहन भी शामिल हैं. इस मामले में शिराजगांव कस्बा थाने में महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की धारा 12(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है. फरार छह आरोपियों की तलाश जारी है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी मनीष ठाकरे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अमन सिरसाट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दी.





