गोविंदा संस्था ने मनपा में सरेंडर किया अपना सफाई ठेका
अब जोन क्रमांक 2 व 4 में भी ‘कोणार्क’ कंपनी ने शुरु किया साफ-सफाई का काम

* 1 मार्च से शहर की सफाई व्यवस्था में हुआ बडा बदलाव
* जोन क्र. 3 में ‘कोणार्क’ पहले ही शुरु कर चुकी थी अपना कामकाज
* जोन क्र. 1 व 5 का जिम्मा 14 मार्च को आएगा ‘कोणार्क’ के पास
* 15 मार्च से ‘कोणार्क’ कंपनी पूरे शहर में करेगी साफ-सफाई व कचरा ढुलाई
अमरावती/दि.4 – हाल ही में अमरावती महानगर पालिका ने अमरावती शहर में साफ-सफाई करते हुए कचरा संकलित करने और संकलित हुए कचरे की ढुलाई करते हुए उसे कंपोस्ट डिपो तक पहुंचाने के हेतु चलाई गई निविदा प्रक्रिया के बाद मुंबई के कोणार्क इंफ्रास्ट्रक्चर लि. नामक कंपनी को शहर के साफ-सफाई का ठेका दिया था. इसके बाद ‘कोणार्क’ कंपनी ने शहर के जोन क्र. 3 में साफ-सफाई करने के साथ ही कचरा संकलन व कचरा ढुलाई का जिम्मा संभालते हुए अमरावती शहर में अपने काम की शुरुआत की थी. वहीं विगत 1 मार्च को जोन क्र. 2 व 4 की सफाई का जिम्मा रहनेवाली श्री गोविंदा सहकारी संस्था ने अपना सफाई ठेका मनपा के पास सरेंडर कर दिया. जिसके चलते अब ‘कोणार्क’ कंपनी ने जोन क्र. 2 व 4 में भी साफ-सफाई, कचरा संकलन व कचरा ढुलाई का जिम्मा संभाल लिया है. इसके साथ ही यह जानकारी सामने आई है कि, इस समय जोन क्र. 1 व 5 की साफ-सफाई का जिम्मा रखनेवाली श्री नागरी सहकारी संस्था द्वारा आगामी 14 मार्च को अपना सफाई ठेका सरेंडर किया जाएगा. जिसके बाद इन दोनों प्रभागों में भी साफ-सफाई, कचरा संकलन व कचरा ढुलाई का काम ‘कोणार्क’ कंपनी द्वारा करना शुरु किया जाएगा, यानि आगामी 15 मार्च से पूरे शहर में ‘कोणार्क’ कंपनी द्वारा अपने मनुष्यबल व मशीनरी के जरिए साफ-सफाई सहित कचरा संकलन व सफाई ठेके के काम का जिम्मा संभाल लिया जाएगा.
बता दें कि, इससे पहले अमरावती महानगर पालिका द्वारा शहर में साफ-सफाई के लिए जोननिहाय ठेका पद्धति को अमल में लाया जा रहा है. जिसके लिए शहर को 5 जोन में विभाजित किया गया था तथा निविदा प्रक्रिया के बाद 5 जोन की साफ-सफाई के लिए कुल 3 ठेकेदारों की नियुक्ति की गई थी. जिसके तहत जोन क्र. 1 व 5 के लिए नागरी सहकारी संस्था, जोन क्र. 2 व 4 के लिए श्री गोविंदा सहकारी संस्था एवं जोन क्र. 3 के लिए क्षीतिज सहकारी संस्था की नियुक्ति कर उन्हें साफ-सफाई का ठेका आवंटित किया गया था. इन तीनों ठेकेदारों को आवंटित ठेके की नियत समयावधि समाप्त होने के बाद उन्हें एक-एक वर्ष की समयावृद्धि भी दी गई थी. जिसके बाद मनपा प्रशासन ने जोननिहाय ठेका पद्धति को निरस्त कर पूरे शहर की साफ-सफाई हेतु एकल ठेका तथा साफ-सफाई के साथ ही कचरा संकलन व कचरा ढुलाई के लिए संयुक्त ठेका जारी करने का निर्णय लिया था. जिसके बाद अमल में लाई गई निविदा प्रक्रिया के पश्चात मुंबई की ‘कोणार्क’ कंपनी ने अमरावती मनपा क्षेत्र में साफ-सफाई व कचरा ढुलाई के काम का एकल व संयुक्त ठेका हासिल किया था. जिसके बाद सबसे पहले जोन क्र. 3 के सफाई ठेकेदार क्षीतिज संस्था ने अपना सफाई ठेका सरेंडर करते हुए अपना काम बंद किया. जिसके स्थान पर जोन क्र. 3 में ‘कोणार्क’ कंपनी ने अपने सफाई कामगारों व मशीनरी लगाते हुए काम करने की शुरुआत की. वहीं अब प्रभाग क्र. 2 व 4 के सफाई ठेकेदार की गोविंदा संस्था ने भी मनपा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशानुसार विगत 1 मार्च को अपना सफाई ठेका सरेंडर कर दिया है. जिसके चलते जोन क्र. 2 व 4 में भी ‘कोणार्क’ कंपनी ने साफ-सफाई व कचरा ढुलाई का काम शुरु कर दिया है. जबकि जोन क्र. 1 व 5 के सफाई ठेकेदार श्री नागरी सहकारी संस्था द्वारा आगामी 14 मार्च को अपना सफाई ठेका सरेंडर किया जाएगा. जिसके बाद 15 मार्च से उन दोनों जोन में भी ‘कोणार्क’ कंपनी द्वारा साफ-सफाई व कचरा ढुलाई के काम की जिम्मेदारी संभाल ली जाएगी, ऐसी जानकारी मनपा के सूत्रों के जरिए पता चली है.
* विशेषज्ञ समिति के गठन पर आज-कल में फैसला
उल्लेखनीय है कि, विगत शनिवार 18 फरवरी को मनपा में साफ-सफाई के मुद्दे पर चर्चा करने हेतु विशेष आमसभा बुलाई गई थी. जिसमें सभी गुटनेताओं एवं सर्वदलिय पार्षदों के विचार जानने के बाद महापौर श्रीचंद तेजवानी ने रुलिंग देते हुए कहा था कि, मनपा में साफ-सफाई को लेकर प्रभावी उपायों पर विचार करने हेतु उन्हें अमलीजामा पहनाने के लिए मनपा द्वारा एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया जाएगा. जिसमें महापौर, उपमहापौर, आयुक्त व नगर सचिव सहित सभी दलों के गुटनेताओं का भी समावेश रहेगा. इस समिति द्वारा शहर में साफ-सफाई की जमीनी हकीकत का आकलन करते हुए अमल में लाए जानेवाले उपायों पर विचार करेगी. आज इस बारे में महापौर श्रीचंद तेजवानी से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि, विगत 28 फरवरी को हुई आमसभा के बाद महानगर पालिका में साप्ताहिक अवकाश रहने के साथ ही होली के पर्व का भी अवकाश रहा तथा आज से ही मनपा में कामकाज पूर्ववत हुआ है. जिसके चलते आज या कल में साफ-सफाई को लेकर विशेषज्ञ समिति के गठन की प्रक्रिया पर विचार किया जाएगा तथा आज या कल में ही समिति का गठन भी कर दिया जाएगा.





