प्रेमिका की प्रताड़ना से टूट गया हर्षल, फांसी लगाकर दी जान
मृतक के भाई ने किया प्रेमिका और उसके भाई द्वारा आर्थिक शोषण करने का आरोप

* मारपीट और जान से मारने की धमकियां
वरुड /दि.29- बाभुलखेड़ा निवासी 24 वर्षीय हर्षल गोपाल जिचकार की आत्महत्या के मामले में गंभीर आरोप सामने आए हैं. मृतक के भाई विशाल गोपाल जिचकार ने वरुड पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि एक युवती और उसके भाई की लगातार प्रताड़ना, आर्थिक शोषण और धमकियों से परेशान होकर हर्षल ने आत्महत्या की.
शिकायत के मुताबिक हर्षल का थुगांव देव, तहसील नरखेड़ निवासी एक युवती के साथ प्रेमसंबंध था. आरोप है कि युवती ने हर्षल का विश्वास हासिल करने के बाद उससे बार-बार बड़ी रकम की मांग की. इसके चलते उसका आर्थिक शोषण किया गया. बाद में युवती और उसके भाई शिवम हनुमंत पांगुल ने कथित रूप से हर्षल को परेशान करना शुरू कर दिया. मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि दोनों ने हर्षल के साथ कई बार मारपीट की तथा उसे जान से मारने की धमकी दी. इतना ही नहीं, समाज में बदनाम करने की धमकी देकर उसका मानसिक उत्पीड़न भी किया गया. परिजनों का कहना है कि लगातार धमकियों और प्रताड़ना के कारण हर्षल काफी तनाव में था.
* खेत में आम के पेड़ से लगाई फांसी
परिजनों के अनुसार, कथित प्रताड़ना से परेशान होकर हर्षल ने बुधवार, 26 अगस्त को बाभुलखेड़ा स्थित खेत में आम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
* आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
विशाल जिचकार ने पुलिस से संबंधित युवती और उसके भाई के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी समेत अन्य उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया था. पुलिस द्वारा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है. मृतक के परिजनों, संबंधित युवती, उसके भाई और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारण और कथित प्रताड़ना की भूमिका स्पष्ट होगी.





