चांदूर रेल्वे में विकास कार्यों का निरीक्षण
12 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की एनओसी पर स्थिति स्पष्ट

चांदूर रेल्वे/दि.8- शहर में स्वच्छता, विकास कार्यों और लंबित समस्याओं की समीक्षा के लिए 6 जुलाई को नगराध्यक्ष प्रियंका निलेश विश्वकर्मा के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया. इस दौरान नगरसेवक निलेश विश्वकर्मा, मुख्याधिकारी सुप्रिया टवलारे सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
निरीक्षण के बाद जनप्रतिनिधियों और नगर परिषद के अधिकारियों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (बी एंड सी) कार्यालय का दौरा कर उपकार्यकारी अभियंता मनीषा खरय्या और सहायक अभियंता बोरकर से चर्चा की. बैठक में लगभग 12 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र को लेकर स्थिति स्पष्ट की गई. अधिकारियों ने बताया कि नगर परिषद की ओर से आवश्यक प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है तथा एनओसी से संबंधित सभी दस्तावेज अमरावती भेज दिए गए हैं. ऐसे में विकास कार्यों में नगर परिषद की ओर से किसी भी प्रकार की बाधा नहीं है.
इसके बाद नगराध्यक्ष प्रियंका विश्वकर्मा और जनप्रतिनिधियों ने शहर के साप्ताहिक बाजार परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान सफाई व्यवस्था, कीचड़, सड़कों की स्थिति और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए. निरीक्षण के दौरान नगरसेवक सुमेध सरदार, अनीस सौदागर, हर्षल वाघ, पप्पू भालेराव, अनिल मोटवानी, दुर्गा भूत, गजानन ठाकरे, शेख राजीक, रवी दीक्षित, अतुल शिरभाते, योगेश आसोले, सुनील सोनोणे, मुन्ना शर्मा, अभिजीत तिवारी, आशु शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे.
* शहर में केवल गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य ही होंगे- नगराध्यक्ष
नगराध्यक्ष प्रियंका विश्वकर्मा ने कहा कि सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा शहर में चल रहे विकास कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि घटिया गुणवत्ता के निर्माण कार्य किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे. यदि किसी भी कार्य में गुणवत्ता से समझौता किया गया तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी.





