पांढरी में युवक पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला
डीजे के पैसों को लेकर विवाद के बाद सिर पर किया वार

* अमोल शिंगणे गंभीर घायल, आरोपी कमलेश पटेल हिरासत में
अंजनगांव सुर्जी/दि. 25 – तहसील के पांढरी गांव में डीजे के पैसों को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किए जाने की घटना 23 सितंबर को सामने आई. इस हमले में अमोल कृष्णाजी शिंगणे (40) के सिर में गंभीर चोट लगी है. उन्हें उपचार के लिए अमरावती के सुपर स्पेशालिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के मुताबिक पांढरी गांव निवासी अमोल शिंगणे का कमलेश सुंदरलाल पटेल (50) के साथ डीजे के पैसों को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद के बाद कमलेश पटेल अमोल को अपने घर ले गया और वहां लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया. हमले में अमोल गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद अमोल के भाई गोपाल कृष्णाजी शिंगणे ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद घायल अमोल को अंजनगांव सुर्जी के ग्रामीण अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया. हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें आगे के उपचार के लिए अमरावती रेफर कर दिया. इस मामले में अंजनगांव सुर्जी पुलिस ने शिकायत के आधार पर कमलेश पटेल के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है.
* पुलिस जांच में सामने आएगा विवाद का पूरा कारण
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डीजे के पैसों को लेकर विवाद किस बात पर शुरू हुआ और हमले की परिस्थितियां क्या थीं. मामले में अन्य लोगों की भूमिका के साथ-साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है





