ब्रह्माकुमारीज लोटस हाउस में मना जन्माष्टमी और दहीहांडी महोत्सव

राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी और बाल कलाकारों की नृत्य प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र

अंजनगांव सुर्जी/दि.7 – अंजनगांव सुर्जी स्थित ब्रह्माकुमारीज लोटस हाउस में 5 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं दहीहांडी महोत्सव हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय परिवार के सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे. कार्यक्रम में विधायक गजानन लवटे, एसडीपीओ सुनील हुड, नगराध्यक्ष प्रियंका मालठाणे तथा ब्र.कु. डॉ. गजेंद्रभाई ठाकरे (गुरुजी) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. अतिथियों ने जन्माष्टमी महोत्सव की सराहना करते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं.
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण चैतन्य राधा-कृष्ण की सुंदर झांकी रही. बी.के. ज्योति दीदी द्वारा तैयार की गई इस झांकी ने कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया. वहीं छोटे-छोटे बाल कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा के जीवन और भारतीय संस्कृति पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित भाविक भक्तों का मनोरंजन किया. ब्रह्माकुमारीज अंजनगांव सुर्जी केंद्र की संचालिका बी.के. दुर्गा दीदी ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए पर्व के आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी. उन्होंने जन्माष्टमी को केवल धार्मिक उत्सव न मानकर आत्मिक जागृति और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ने का संदेश दिया. कार्यक्रम का प्रभावी संचालन बी.के. शुभांगी दीदी ने किया.
विधायक गजानन लवटे ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं. वहीं डॉ. गजेंद्रभाई ठाकरे (गुरुजी) ने भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए अपनी शुभभावनाएं व्यक्त कीं.
* शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान
5 सितंबर को शिक्षक दिवस होने के कारण कार्यक्रम में शिक्षकों का विशेष सम्मान भी किया गया. ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय परिवार की ओर से उपस्थित शिक्षकों को शाल एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं. जन्माष्टमी, दहीहांडी और शिक्षक दिवस के इस संयुक्त आयोजन से लोटस हाउस परिसर में पूरे समय भक्तिभाव, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक उत्साह का वातावरण बना रहा. आयोजन की सफलता में ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय परिवार के सभी सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया.

Back to top button