‘युवाओं को जोड समाजसेवा के नए आयाम’
विदर्भ दाधीच मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष लक्ष्मीकांत आसोपा का कहना

* अमरावती में राज्यस्तरीय महिला सम्मेलन लेंगे
* अगले सप्ताह दधीचि जयंती होगी शानदार
अमरावती/दि.7 – विदर्भ दाधीच मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं युवा सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मीकांत आसोपा ने कहा कि, पिछले दो दशकों में युवा वर्ग समाज से विमुख हुआ है. वह अपने करिअर को लेकर भले ही सजग है, किंतु समाज संगठन से दूर हो गया है. इसलिए युवाओं को दधीचि समाज से जोडकर आज के स्पर्धात्मक युग को देखते हुए समाजसेवा के नए आयाम का लक्ष्य है. रविवार को ही लक्ष्मीकांत आसोपा बाकायदा इलेक्शन में विजयी होकर सतत दूसरी बार दाधीच मंडल के अध्यक्ष बने हैं. इस उपलक्ष्य अमरावती मंडल ने उनसे संक्षिप्त चर्चा की तो अनेक विषयों पर लक्ष्मीकांत आसोपा ने बेबाकी से राय रखी. आसोपा के कडे मुकाबले में निर्वाचित होने की घोषणा गत शाम रंगारी गली स्थित दधीमति मंदिर में वोटों की गिनती पश्चात चुनाव अधिकारी नंदकिशोर दायमा, राजकुमार डोबा, गोपाल बोरायडा ने की. तत्पश्चात आसोपा समर्थकों ने उत्सव मनाया.
* दधीचि जयंती पर नई कार्यकारिणी
लक्ष्मीकांत आसोपा ने कहा कि, 11 सदस्यीय कार्यकारिणी का चयन अगले सप्ताह दधीचि जयंती उपलक्ष्य किया जाएगा. कार्यकारिणी में दो उपाध्यक्ष, एक सचिव, सहसचिव सहित 11 सदस्य होते हैं. उन्होंने जयंती उत्सव पर शोभायात्रा, सांस्कृतिक आयोजन के साथ ही बडे सबेरे 7 बजे हिंदू स्मशान घाट स्थित सप्तऋषि के अभिषेक व पूजन के आयोजन की जानकारी दी. उन्होंने आनेवाले दिनों में प्रस्तावित कार्यक्रमों के बारे में भी अमरावती मंडल से बात की.
* महिलाओं का राज्यस्तरीय सम्मेलन
समाज को जोडने के लिए नारी शक्ति का सक्रिय होना आवश्यक है. नारी शक्ति को एकजुट कर उनके माध्यम से रिश्ते जोडने से लेकर प्रत्येक घर को एक-दूसरे के निकट लाना है. अध्यक्ष लक्ष्मीकांत आसोपा ने कहा कि, नारी शक्ति को सक्रिय करने अमरावती में विदर्भ दाधीचि मंडल के मंच से प्रदेश स्तर का सम्मेलन आयोजित करना उनका लक्ष्य है. बेशक समस्त समाज के सहयोग और प्रेरणा से ही यह भागीरथ कार्य पूर्ण करना है. अध्यक्ष आसोपा ने कहा कि, महिला सम्मेलन के कारण समाज में हो रही विवाह की विकट समस्या के भी निदान का प्रयत्न हो सकता है. इसलिए आनेवाले दिनों में सम्मेलन के आयोजन हेतु सभी को साथ लेकर प्रयत्न प्रारंभ होंगे.
* युवाओं को जोडना है समाज से
लक्ष्मीकांत आसोपा ने कहा कि, सभी के बडे प्रयत्नों के बावजूद देखा गया है कि, नई पीढी अपने ही समाज के कार्यक्रमों, आयोजन, परंपराओं से विमुख लगती है. ऐसे में नई पीढी को समाज से जोडने का उनका प्रयास रहेगा. इसके लिए उन्होंने दायमा समाज के प्रत्येक घर जाकर मेलमिलाप करना पडे, तो उसकी तैयारी दर्शायी. आसोपा ने बताया कि, सामाजिक ताना-बाना और भावनात्मक लगाव के लिए वे तरुण पीढी को आवाहन करेंगे. उन्होंने कहा कि, युवा वर्ग को उनकी उच्च शिक्षा, करिअर की दिशा सहित अनेक पसंदीदा क्षेत्र पर समाज के मंच से ध्यान दिया जाएगा, फोकस किया जाएगा. बल्कि इसी माध्यम से उनके रोजगार और उद्यम के अवसर भी देखे जाएंगे. उसमें आवश्यक सहयोग किया जाएगा. यहीं से युवा वर्ग की विवाह संबंधी समस्याएं भी दूर करने का रास्ता प्रशस्त होने की बात लक्ष्मीकांत आसोपा ने कही.
* 1961 में स्थापित, दूसरी बार लगा इलेक्शन का मौका
लक्ष्मीकांत आसोपा ने विदर्भ दाधीच मंडल की स्थापना अमरावती के देवकिसन जुजनोदिया और बलदेव हरसोडिया के महत्प्रयासों से वर्षों पहले 1961 में होने की जानकारी देते हुए इस बार नाहक 2002 पश्चात पहली बार इलेक्शन की नौबत आने का दावा किया. आसोपा ने आरोप लगाया कि, समाज के एक मास्टरमाइंड के कारण वर्षों पहले चुनाव की नौबत आई थी. वहीं मास्टरमाइंड इस बार भी इलेक्शन की नौबत के लिए कारणीभूत होने का आरोप नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने किया. उनसे पूछा गया था कि, जिले में मात्र 135 समाजबंधु घर होने के बाद भी चुनाव की नौबत क्यों पडी? उत्तर में लक्ष्मीकांत आसोपा ने कहा कि, 78 लोगों की उपस्थिति में समाज की आमसभा में सर्वसम्मति का प्रयास किया गया था, जिसे विरोधियों ने भाडोत्री लोग लाने का आरोप कर सर्वसम्मति के प्रयत्न खारिज कर दिए. उन्होंने वीडियो फुटेज होने का भी दावा किया.
* भव्य रहेगा जुलूस
आगामी 18 सितंबर को दधीचि जयंती पर शहर में भव्य जुलूस निकाले जाने की घोषणा उन्होंने की. महिलाओं-बच्चों के लिए सांस्कृतिक आयोजन करने के साथ समाज को अब प्रगति की, आधुनिक उपलब्धियों की दिशा में अग्रसर करने की बात कही. तकनीक का जमाना है, ऐसे में महाराष्ट्र स्तर पर बने समाज के पोर्टल की तर्ज पर अमरावती में भी युवा वर्ग को जोडेंगे और आगे बढाएंगे, ऐसा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत आसोपा ने कहा.





