दर्यापुर में सर्राफा दुकानें चोरों के निशाने पर

14 महीनों में तीन बड़ी वारदातें, एक प्रयास नाकाम

दर्यापुर /दि.4- अमरावती जिले के दर्यापुर शहर में सर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. पिछले 14 महीनों में तीन बड़ी लूट एवं चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, जबकि एक अन्य वारदात दुकान का सायरन बजने से टल गई. अधिकांश घटनाओं में बदमाश सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं.
सबसे पहली बड़ी वारदात 9 मई 2025 की आधी रात को हुई थी. चोरों ने महज 15 मिनट में एक सर्राफा दुकान का ताला तोड़कर 615 ग्राम सोने के आभूषण, 12.800 किलोग्राम चांदी, 5.50 लाख रुपये नकद तथा डीवीआर सहित करीब 77.69 लाख रुपये का माल चोरी कर लिया था. इस मामले में पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. इसके बाद 12 जनवरी की सुबह गणोरकर मार्केट स्थित हिरुलकर ज्वेलर्स में चोरी की घटना हुई. चोर दुकान से 250 ग्राम सोना, 32.50 किलोग्राम चांदी और 2 लाख रुपये नकद सहित करीब 66.52 लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गए. 27 अप्रैल की आधी रात को गौरक्षण चौक स्थित तालोकार ज्वेलर्स में भी चोरी का प्रयास किया गया. शॉर्ट्स और बनियान पहने 8 से 10 बदमाशों ने दुकान का सेंट्रल लॉक तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सायरन बजते ही वे मौके से फरार हो गए. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
ताजा वारदात शुक्रवार रात सामने आई, जब माहोरे ज्वेलर्स में हथियारबंद बदमाशों ने बंदूक और चाकू की नोक पर लूट की घटना को अंजाम दिया. शिकायतकर्ता गोविंद गजानन माहोरे (23), निवासी गणेशनगर के अनुसार, बिना नंबर की एक चारपहिया गाड़ी में आए चार बदमाश दुकान में घुसे, जबकि एक आरोपी वाहन में ही बैठा रहा. बदमाशों ने दुकान से करीब 411 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग पांच किलोग्राम चांदी के जेवर तथा एक मोबाइल फोन सहित करीब 65 लाख रुपये का माल लूट लिया. लगातार हो रही इन घटनाओं से दरियापुर के सर्राफा व्यापारियों में भय का माहौल है. व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, प्रमुख बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं पुलिस ने ताजा मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Back to top button