विधान परिषद चुनाव हेतु नामांकन के अंतिम दिन

महायुति ने 17 सीटों के लिए घोषित किए प्रत्याशियों के नाम

* 11 सीटों पर भाजपा, 4 सीटों पर शिंदे सेना व 2 सीटों पर राकांपा के प्रत्याशी घोषित
मुंबई /दि.1- महाराष्ट्र विधान परिषद की स्थानीय स्वराज्य संस्था निर्वाचन क्षेत्रों की 17 सीटों के लिए महायुति ने लंबे मंथन और सीटों पर चली रस्साकशी के बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची घोषित कर दी है. अंतिम फार्मूले के तहत भाजपा 11, शिवसेना शिंदे 4 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. महायुति के घटक दलों के बीच कई दौर की बैठकों के बाद सभी 17 सीटों पर सहमति बन गई है. सबसे अधिक 11 सीटें भाजपा के हिस्से में आई हैं, जबकि शिवसेना को 4 और राष्ट्रवादी कांग्रेस को 2 सीटें मिली हैं.
* भाजपा ने 11 उम्मीदवार उतारे
भाजपा ने जिन उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, उनमें वर्धा-चंद्रपुर-गड़चिरोली से अरुण लखानी, भंडारा-गोंदिया से अविनाश ब्राह्मणकर, अमरावती से प्रवीण पोटे, सोलापुर से राजेंद्र राऊत, सांगली-सातारा से धैर्यशील कदम, अहिल्यानगर से प्राजक्त तनपुरे, छत्रपति संभाजीनगर-जालना से सुहास शिरसाट, नांदेड़ से अमर राजूरकर, धाराशिव-बीड़-लातूर से बसवराज पाटील, जलगांव से नंदकिशोर महाजन तथा नागपुर से राजीव पोतदार को उम्मीदवार बनाया गया है.
* शिवसेना के चार उम्मीदवार घोषित
शिवसेना ने ठाणे से रविंद्र फाटक, नाशिक से नरेंद्र दराडे, परभणी-हिंगोली से सईद खान तथा यवतमाल से दुष्यंत चतुर्वेदी को उम्मीदवार बनाया है.
* राष्ट्रवादी कांग्रेस के दो उम्मीदवार
राष्ट्रवादी कांग्रेस ने रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट से अनिकेत तटकरे तथा पुणे से विक्रम काकड़े को उम्मीदवार घोषित किया है.
* कई सीटों पर पुराने चेहरों को दोबारा मौका
महायुति ने कई निर्वाचन क्षेत्रों में पूर्व विधान परिषद सदस्यों और अनुभवी नेताओं पर भरोसा जताया है. अमरावती से प्रवीण पोटे, ठाणे से रविंद्र फाटक, नाशिक से नरेंद्र दराडे, यवतमाल से दुष्यंत चतुर्वेदी और रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग से अनिकेत तटकरे जैसे नेताओं को फिर से मौका दिया गया है.
* 17 सीटों पर होगा चुनाव
स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव लंबे समय से नहीं होने के कारण इन निर्वाचन क्षेत्रों की कई सीटें पिछले ढाई वर्षों से रिक्त पड़ी थीं. निर्वाचन आयोग ने अब 17 सीटों पर चुनाव कार्यक्रम घोषित किया है.
* चुनाव कार्यक्रम
अधिसूचना जारी : 25 मई 2026
नामांकन की अंतिम तिथि : 1 जून 2026
नामांकन पत्रों की जांच : 2 जून 2026
नाम वापसी की अंतिम तिथि : 4 जून 2026
मतदान : 18 जून 2026 (सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक)
मतगणना : 22 जून 2026
*अमरावती सीट पर फिर प्रवीण पोटे पर भरोसा
अमरावती स्थानीय स्वराज्य संस्था निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने एक बार फिर पूर्व विधान परिषद सदस्य प्रवीण पोटे को उम्मीदवार बनाया है. महायुति को इस क्षेत्र में मजबूत समर्थन आधार होने का विश्वास है, जिससे यह सीट चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है. राजनीतिक जानकारों के अनुसार, उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब सभी की निगाहें महाविकास आघाड़ी की अंतिम रणनीति और संभावित चुनावी मुकाबलों पर टिकी हैं. 18 जून को होने वाले मतदान में कई सीटों पर कड़ी राजनीतिक टक्कर देखने को मिल सकती है.

Back to top button