स्मार्ट मीटर के अनाप-शनाप विद्युत बिलों को लेकर विधायक गजानन लवटे आक्रामक
दर्यापूर निर्वाचन क्षेत्र के मामलों की सघन जांच करने की मांग

अमरावती/दि.9 – दर्यापूर निर्वाचन क्षेत्र में नागरिकों के घरों पर महावितरण द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई गरीब, मध्यम वर्गीय व किसान परिवारों को बिजली के अनाप-शनाप बिल आने लगे है. इस गंभीर मुद्दे को विधानसभा में उपस्थित करते हुए क्षेत्र के विधायक गजानन लवटे ने काफी आक्रामक रवैय्या दिखाया तथा राज्य सरकार से इस बारे में सवाल जवाब भी किया.
विधायक गजानन लवटे ने इस बारे में अपने विचार रखते हुए कहा कि दर्यापूर व अंजनगाव परिसर स्थित उनके पूरे निर्वाचन क्षेत्र में नागरिकों को प्रति माह हजारों रूपयों के विद्युत बिल आ रहे है. साथ ही कुछ लोगों को तो एक माह का विद्युत बिल करीब 10 हजार रूपयों के आसपास आया है. जिसके चलते नागरिकों में विद्युत बिल को लेकर काफी हदतक संभ्रम एवं तीव्र नाराजगी व्याप्त है. विधायक लवटे का यह भी कहना रहा कि सरकार ने सौर ऊर्जा को प्रोत्साहन देने हेतु नागरिकों से अपने घरों पर व खेतों में सोलर पॅनल लगाने का आवाहन किया था. जिसके चलते सरकार की ऊर्जा नीति पर भरोसा रखते हुए कई नागरिकों व किसानों ने कर्ज निकालकर सोलर प्रणाली लगवाई. परंतु इसके बाद विद्युत बिल का भार कम होने की बजाए कुछ सोलर ग्राहकों को प्रतिमाह 50 से 55 हजार रूपये तक विद्युत बिल आ रहे है.
इस समय विधायक गजानन लवटे ने सभागृृह में यह मुद्दा भी उपस्थित किया कि अंजनगाव सुर्जी में रहनेवाले एक गरीब नागरिक को स्मार्ट मीटर की वजह से करीब 75 हजार रूपये का विद्युत बिल आया. उस व्यक्ती ने बडी मुश्किल से रकम का इंतजाम करते हुए मूल रकम अदा की. परंतु ब्याज बाकी रहने की वजह को आगे करते हुए उस व्यक्ती के विद्युत बिल की योग्य तरह से दुरूस्ती नहीं की गई. जिसके चलते उस व्यक्ती सहित अन्य कई लोगों को मानसिक, आर्थिक व प्रशासकीय तकलिफों का सामना करना पड रहा है. ऐसा आरोप लगाते हुए विधायक गजानन लवटे ने पूरे मामले की तत्काल सघन जांच करने तथा गलत व अनाप-शनाप रकम वाले विद्युत बिलों को रद्द करने की मांग उठाई. साथ ही सोलर ग्राहकों के विद्युत बिलों की स्वतंत्र जांच करने तथा गरीब, मध्यम वर्गीय व किसान परिवारों को राहत देने हेतु तत्काल ठोस कदम उठाए जाने का मुद्दा भी सरकार के सामने उपस्थित किया.





