कुएं में गिरा तेंदुआ, बाणगांव में मचा हड़कंप

वन विभाग ने सफल रेस्क्यू कर तेंदुए को सुरक्षित निकाला

यवतमाल / दि. 4- यवतमाल जिले के नेर तहसील आनेवाले बाणगांव में एक खेत के कुएं में तेंदुआ गिरने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलने पर वनविभाग के दल ने रेस्क्यू कर इस तेंदुए को सकुशल बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की. इस समय नागरिकों की भीड काफी जमा हो गई थी.
जानकारी के मुताबिक बाणगांव में सुबह के समय खेत मालिक को कुएं में हलचल दिखाई दी. पास जाकर देखने पर तेंदुआ कुएं में फंसा हुआ पाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचित किया. कुछ ही देर में वन विभाग का बचाव दल मौके पर पहुंचा और सुरक्षा की दृष्टि से परिसर को घेर लिया गया. बड़ी संख्या में नागरिक घटनास्थल पर जमा हो गए थे. वन अधिकारियों ने सावधानीपूर्वक योजना बनाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. आवश्यक उपकरणों और जाल की मदद से तेंदुए को सुरक्षित रूप से कुएं से बाहर निकाला गया. इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. रेस्क्यू के बाद तेंदुए की चिकित्सकीय जांच कर उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की प्रक्रिया की जाएगी, ऐसी जानकारी वन विभाग ने दी. घटना के कारण कुछ समय के लिए बाणगांव परिसर में भय का माहौल बना रहा.

Back to top button