पुणे में डॉक्टर की तत्परता से बची 60 वर्षीय मरीज की जान
10 मिनट सीपीआर देकर फिर शुरू किया बंद पड़ा दिल

पुणे/दि.25 – महाराष्ट्र के पुणे जिले के शिरूर तालुका स्थित मांडवगण फराटा के एक निजी अस्पताल में डॉक्टर की सूझबूझ और तुरंत किए गए इलाज से एक मरीज को नई जिंदगी मिली. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग डॉक्टर की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय रमेश जयसिंग मोरे अस्पताल में जांच कराने पहुंचे थे. जैसे ही वह अस्पताल के प्रवेश द्वार के पास पहुंचे, अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े. वहां मौजूद एक महिला ने उन्हें संभालने की कोशिश की, जिसके बाद आसपास के लोग भी मदद के लिए दौड़े.
लोगों की आवाज सुनकर डॉक्टर अतुल सुराणा तुरंत मौके पर पहुंचे. जांच करने पर उन्हें पता चला कि मरीज का दिल काम करना बंद कर चुका है. डॉक्टर ने बिना समय गंवाए वहीं पर मरीज को सीपीआर देना शुरू कर दिया.





