होटल ग्रैंड महफिल के रुबी हॉल में 15 को महारक्तदान
राज्य उत्पादन शुल्क विभाग और जिला मद्य विक्रेता संगठन का आयोजन

* दो हजार यूनिट खून जमा करने का लक्ष्य
* पत्रकार परिषद में नितिन देशमुख, अनिल भामोरे ने दी जानकारी
अमरावती/दि.7– राज्य उत्पादन शुल्क विभाग और जिला मद्य विक्रेता संगठन ने आगामी शनिवार 15 अगस्त को सुबह 8 बजे से होटल ग्रैंड महफिल के रुबी हॉल में महारक्तदान शिविर का आयोजन किया है. जिसका उद्देश्य जीवन बचाना और स्वयंस्फूर्ति से रक्तदान करने की जागरुकता बढाना है. यह जानकारी आज दोपहर आयोजित प्रेसवार्ता में संगठन के अध्यक्ष नितिन देशमुख, उपाध्यक्ष अनिल भामोरे, दीपक गुडधे, सुरेश चांदवानी आदि ने दी.
उन्होंने बताया कि, महारक्तदान शिविर में दो हजार यूनिट रक्त संकलन करने का मानस है. रक्तदान शहीदों के नाम यह संज्ञा दी गई है. सभी वर्गों के लोगों से उक्त शिविर हेतु अच्छा प्रतिसाद मिलने का दावा आयोजकों ने किया. उन्होंने दावा किया कि, खून की एक यूनिट अनेक जिंदगियां बचा सकती है. अत: लोगों को स्वयंस्फूर्ति से रक्तदान करना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि, प्रत्येक डोनर की पहले मेडिकल जांच होगी, उसके बाद ही रक्तदान होगा. रक्तदाता को हाथोंहाथ प्रशस्तीपत्र दिया जाएगा.
पत्रकार परिषद में सचिन हिवसे, सागर भेटालू, राजेश अग्रवाल, अभय भामोरे भी उपस्थित थे. यह भी कहा गया कि, खून का उपयोग आपात मेडिकल उपचार, ऑपरेशन, एक्सीडेंट में उपचार और जीवनरक्षक रक्त संक्रमण के जरुरतमंद रुग्णों के लिए होगा. डॉक्टर्स की टीम उपरोक्त शिविर में मुस्तैद रहेगी.





