बडनेरा के डिजे कॉटस्पीन में भीषण आग
3 लाख रुपए का नुकसान

* शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अनुमान
अमरावती/दि.9 – बडनेरा थाना क्षेत्र के दाभा ग्राम के पास स्थित डीजे कॉटस्पीन (सूतगिरणी) में आज गुरुवार 9 जुलाई को अचानक आग लग गई. इस आग से दो से तीन लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है. यह आग मशीनरी रुम में लगी थी. लेकिन दमकल कर्मियों ने जानकारी मिलते ही तत्काल घटनास्थल पहुंचकर आग को काबू में कर लिया.
जानकारी के मुताबिक बडनेरा थाना क्षेत्र के यवतमाल रोड स्थित दाभा ग्राम के पास डीजे कॉटस्पीन है. इस कारखाने में गुरुवार को दोपहर के समय मशीनरी रुम में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते इस आग ने भीषण रुप धारण कर लिया. आग लगने के कारण परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी तत्काल बडनेरा अग्निश्मन दल को दी गई. जानकारी मिलते ही अग्निशमन दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा. एक घंटे के अथक प्रयासों के बाद आग को काबू में किया गया. यह आग शॉर्ट सर्किट से लगने का प्राथमिक अनुमान है. आग से करीबन तीन लाख रुपए का नुकसान बताया जाता है. आग को नियंत्रित करने के लिए केंद्र प्रमुख वैभव गजभारे, वाहन चालक सचिन वर्हाडे, तौसिफ शेख, फायरमैन सुमेध इंगोले, राहुल घोडे और ताहीर के दल ने अथक परिश्रम किया.