भीषण सडक हादसे में मामा-भानजे की मौत
रहाटगांव के गणेशोत्सव मंडल में बेंजो बजाने आए थे दोनों

* कार्यक्रम खत्म कर अचलपुर लौटते समय ट्रक ने कुचला
अमरावती/दि.15- गणेशोत्सव के कार्यक्रम में बेंजो बजाने के बाद घर लौट रहे मामा-भानजे की सोमवार देर रात रहाटगांव में हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. निर्माणाधीन पुल के नीचे से गुजरते समय पीछे से आए ट्रक क्रमांक जीजे-03/बीवी-788 ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान विक्की शंकर अंभोरे (26) और उनके भानजे गप्पू विलास साबले (16, दोनों सुल्तानपुरा, अचलपुर निवासी) के रूप में बताई गई है.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, विक्की अंभोरे और गप्पू साबले अचलपुर से नांदगांव पेठ स्थित एक गणेशोत्सव मंडल में बालाजी बेंजो में वादन करने के लिए आए थे. गणेशोत्सव का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों वापस अचलपुर लौट रहे थे. रात में रहाटगांव स्थित निर्माणाधीन पुल के नीचे से गुजरते समय पीछे से आ रहे ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
देर रात हुए इस हादसे की जानकारी मिलते ही संबंधित पुलिस मौके पर पहुंची. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. मामा-भानजे की एक साथ मौत की खबर से अचलपुर के सुल्तानपुरा क्षेत्र में भी शोक का माहौल है.





